महिला HIL का फाइनल कल : ₹1.5 करोड़ के खिताब के लिए भिड़ेंगी पाइपर्स और बंगाल टाइगर्स

Ranchi : दो हफ्ते तक चले रोमांचक मुकाबलों के बाद महिला हीरो हॉकी इंडिया लीग (HIL) 2025-26 अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है। 10 जनवरी को रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में एसजी पाइपर्स और श्राची बंगाल टाइगर्स के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
लीग में अब तक 12 मैच खेले गए और कुल 37 गोल हुए। फाइनल जीतने वाली टीम को ₹1.5 करोड़, उपविजेता को ₹1 करोड़ और तीसरे स्थान पर रही रांची रॉयल्स को ₹50 लाख इनाम मिलेगा। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट को ₹20 लाख, सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर, उभरते खिलाड़ी और टॉप स्कोरर को ₹5-5 लाख पुरस्कार दिए जाएंगे। फेयरप्ले ट्रॉफी भी दी जाएगी।
टीमों की झलक
लीग चरण में एसजी पाइपर्स ने 11 अंकों के साथ तालिका में पहला स्थान हासिल किया, जबकि श्राची बंगाल टाइगर्स 10 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही। लीग में दोनों टीमों के बीच हुए दो मुकाबले ड्रॉ रहे, लेकिन शूटआउट में बंगाल टाइगर्स ने दोनों बार जीत दर्ज की।
