झारखंड सब-जूनियर बालक हैंडबॉल चैंपियनशिप 1–2 फरवरी से जमशेदपुर में, रांची टीम हुई रवाना
रांची। झारखंड सब-जूनियर बालक हैंडबॉल चैंपियनशिप 2025-26 का आयोजन 01 से 02 फरवरी 2026 तक जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, जमशेदपुर (ईस्ट सिंहभूम) में किया जाएगा। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन झारखंड स्टेट हैंडबॉल संघ के तत्वावधान में ईस्ट सिंहभूम हैंडबॉल संघ द्वारा किया जा रहा है। प्रतियोगिता को लेकर राज्य भर के हैंडबॉल खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
इस चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए रांची सब-जूनियर बालक हैंडबॉल टीम हटिया रेलवे स्टेशन से टाटानगर के लिए रवाना होगी। प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों की टीमें हिस्सा लेंगी, जहां युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा। इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी दिनों में आयोजित होने वाली सब-जूनियर नेशनल हैंडबॉल चैंपियनशिप के लिए किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
रांची सब-जूनियर बालक हैंडबॉल टीम में रोहित उरांव को कप्तान जबकि अमन खलखो को उप कप्तान बनाया गया है। टीम में शामिल अन्य खिलाड़ी हैं— मुकुल मुंडा, शिवम उरांव, इमरान अंसारी, आसिम खलखो, अभय मुंडा, प्रेम मुंडा, वंशराज उरांव, रोशन मुंडा और अनुज तिर्की। सभी चयनित खिलाड़ियों को खेल किट प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर रांची जिला हैंडबॉल संघ के समस्त पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि रांची टीम प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम रोशन करेगी।
उल्लेखनीय है कि रांची सब-जूनियर बालक हैंडबॉल टीम के सभी खिलाड़ी कार्तिक उरांव हैंडबॉल ट्रेनिंग सेंटर, रातू चट्टी में प्रशिक्षक विष्णु कुमार की देखरेख में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। कड़े अभ्यास और अनुशासित प्रशिक्षण के दम पर टीम से इस चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
