जेएससीए अंडर-16 इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टूर्नामेंट: रांची ने हजारीबाग को 8 विकेट से हराकर जीता खिताब
हजारीबाग। हजारीबाग के संजय सिंह क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे जेएससीए इंटर डिस्ट्रिक्ट अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट 2025-26 का फाइनल मुकाबला आज रोमांचक अंदाज में संपन्न हुआ। फाइनल मैच में रांची की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हजारीबाग को 8 विकेट से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हजारीबाग की टीम रांची के गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी और 44.5 ओवरों में सभी विकेट खोकर मात्र 153 रन पर सिमट गई। हजारीबाग की ओर से राज गुरु और रमित सिंह ने संघर्ष करते हुए 33-33 रनों की पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सके। रांची के गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ के साथ गेंदबाजी करते हुए हजारीबाग की बल्लेबाजी को पूरी तरह से दबाव में रखा। रांची की ओर से मोहित तिर्की ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 26 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि राजकमल गिरी ने 39 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए।
154 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रांची की टीम ने संयमित और आत्मविश्वास से भरी बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। रांची ने 39.5 ओवरों में 2 विकेट के नुकसान पर 157 रन बनाकर लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। टीम के लिए वैभव संतोष ने नाबाद 47 रन और सौरव कुमार ने नाबाद 45 रन की उपयोगी पारी खेली। इसके अलावा रुद्र कुमार ने भी 42 रनों का अहम योगदान देकर जीत की नींव मजबूत की। हजारीबाग की ओर से दर्श सिन्हा ने 2 विकेट हासिल किए, लेकिन उनकी गेंदबाजी टीम को हार से नहीं बचा सकी।
मैच में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए रांची के मोहित तिर्की को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। रांची की इस जीत के साथ ही टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अपने दबदबे को साबित करते हुए खिताब पर कब्जा जमाया।
