बिरसा मुंडा स्टेडियम में गूंजेगी वुशु की ताकत, राज्य स्तरीय ताउलु चैम्पियनशिप कल से
रांची : झारखंड राज्य ताउलु चैम्पियनशिप – 2026 का आयोजन आगामी मार्च माह में रांची में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता की शुरुआत 1 मार्च 2026 को ताइची इवेंट के साथ होगी। इसके बाद 8 मार्च 2026 को नानक्वान तथा 15 मार्च 2026 को चांगक्वान स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। सभी प्रतियोगिताएं वुशु हॉल, बिरसा मुंडा स्टेडियम, मोराबादी, रांची में प्रातः 09:00 बजे से प्रारंभ होंगी।
राज्य संघ के महासचिव श्री शैलेन्द्र दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि चैम्पियनशिप का आयोजन International Wushu Federation के नियमों के अनुरूप किया जाएगा। प्रत्येक संबद्ध इकाई से प्रत्येक स्पर्धा में न्यूनतम दो खिलाड़ियों की सहभागिता अनिवार्य की गई है।
उन्होंने बताया कि सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पदक प्रदान किए जाएंगे। इस प्रतियोगिता में प्रारंभिक स्तर के खिलाड़ी भी अनुभव प्राप्त करने और अपने प्रशिक्षण को मजबूत करने के उद्देश्य से भाग ले सकते हैं।
राज्य स्तरीय ताउलु चैम्पियनशिप का मुख्य उद्देश्य झारखंड में वुशु की ताउलु स्पर्धाओं को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देना, खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए उभरती प्रतिभाओं की पहचान करना है। आयोजन को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।
