खेलरांची

69वीं राष्ट्रीय स्कूली फुटबॉल प्रतियोगिता में झारखंड का दमखम

दमखमफाइनल में पंजाब से होगा निर्णायक मुकाबला

रांची/उमरिया। मध्य प्रदेश के उमरिया में चल रही 69वीं राष्ट्रीय स्कूली फुटबॉल प्रतियोगिता (एसजीएफआई) में झारखंड की अंडर-14 बालक टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन से सबका ध्यान खींच लिया है। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची की अगुवाई में खेल रही टीम ने सेमीफाइनल में मिजोरम को 3-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

पहले क्वार्टरफाइनल में झारखंड ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए CISE टीम को 2-0 से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। आज हुए सेमीफाइनल में आदित्य, विक्की और सत्यम ने एक-एक गोल दागकर झारखंड को आसान जीत दिलाई। पूरी मैच के दौरान झारखंड की पकड़ मजबूत रही और विरोधी टीम को संभलने का कोई मौका नहीं मिला।

फाइनल मुकाबला शुक्रवार को पंजाब के खिलाफ उमरिया जिला मुख्यालय स्थित अमर शहीद स्टेडियम में खेला जाएगा। झारखंड टीम पूरे जोश और आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरने को तैयार है।

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने टीम के शानदार प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “हमारे खिलाड़ी लगातार बेहतर खेल दिखा रहे हैं। हमें उम्मीद है कि फाइनल में भी वे स्वर्णिम सफलता अर्जित कर राज्य का मान बढ़ाएंगे।”

कोच इमरान खान और मैनेजर जितेंद्र कच्छप के मार्गदर्शन में टीम ने अनुशासन, तालमेल और मेहनत का बेहतरीन उदाहरण पेश किया है। खिलाड़ियों के प्रदर्शन से राज्यभर में उत्साह का माहौल है और फाइनल मुकाबले को लेकर खेलप्रेमियों में खासा रोमांच देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *