झारखंड कराटे टीम 5वीं ईस्ट इंडिया कराटे चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए उड़ीसा रवाना
रांची, 31 अक्टूबर । स्पोर्ट्स कराटे एसोसिएशन ऑफ झारखंड के तत्वावधान में झारखंड कराटे टीम 5वीं ईस्ट इंडिया कराटे चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए आज भुवनेश्वर (उड़ीसा) के लिए रवाना हुई। यह प्रतियोगिता 1 और 2 नवंबर 2025 को आयोजित की जा रही है।
इस प्रतियोगिता में सब-जूनियर, कैडेट, जूनियर और सीनियर वर्गों में पुरुष एवं महिला खिलाड़ी काता और कुमिते दोनों श्रेणियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। झारखंड की ओर से कुल 84 कराटे खिलाड़ी इस चैंपियनशिप में भाग ले रहे हैं।
राज्य से रेफरी और जज के रूप में शिहान शशि पांडे, सेंसाई संजय सोनकर, सेंसाई सुमित कुमार, सेंसाई कमल नायक शामिल होंगे, जबकि कोच अमृत मुंडा और टीम मैनेजर मुकेश कुमार टीम के साथ रहेंगे।
टीम को प्रस्थान से पूर्व स्पोर्ट्स कराटे एसोसिएशन ऑफ झारखंड के सीईओ सेंसाई के.के. सिंह, अध्यक्ष हंसी मानस सिन्हा, सचिव सेंसाई हेजाज असदक, उपाध्यक्ष हंसी रंजीत केशरी, सेंसाई उदय कुमार और शिहान रंजीत मेहता ने शुभकामनाएं दीं और खिलाड़ियों से राज्य का नाम रोशन करने की अपील की।
खिलाड़ियों में प्रतियोगिता को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया और सभी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन का संकल्प लिया।
