खेलरांची

राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप में झारखंड का शानदार प्रदर्शन, लगातार 14वीं बार सेमीफाइनल में पहुंची टीम

रांची, 20 अगस्त । पुणे, महाराष्ट्र में आयोजित 16वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप-2026 में हॉकी झारखंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में झारखंड ने हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा को पेनाल्टी शूटआउट में 4-3 से हराया। इसके साथ ही झारखंड की टीम ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में लगातार 14वीं बार जगह बनाई है।

12 से 23 अगस्त तक चल रही प्रतियोगिता में झारखंड और ओडिशा के बीच क्वार्टर फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। मैच के दूसरे क्वार्टर में 24वें मिनट में ओडिशा ने फील्ड गोल कर 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। मध्यांतर तक ओडिशा की टीम इसी बढ़त के साथ आगे रही।

मध्यांतर के बाद झारखंड की खिलाड़ियों ने शानदार वापसी की। 33वें मिनट में कप्तान रजनी केरकेट्टा ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर टीम को 1-1 की बराबरी दिला दी। इसके बाद दोनों टीमों ने बढ़त हासिल करने के लिए जोरदार प्रयास किए, लेकिन निर्धारित समय तक कोई और गोल नहीं हो सका।

पेनाल्टी शूटआउट में झारखंड की जीत

मुकाबले का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से हुआ। झारखंड की ओर से सलोमी नाग, अनुप्रिया सोरेंग, स्वीटी डुंगडुंग और रजनी केरकेट्टा ने गोल कर टीम को 4-3 से जीत दिलाई।

झारखंड की गोलकीपर गंगी बरला ने शूटआउट में शानदार प्रदर्शन किया और ओडिशा के दो प्रयासों को रोककर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। निर्धारित समय में झारखंड की ओर से एकमात्र गोल कप्तान रजनी केरकेट्टा ने किया।

क्वार्टर फाइनल में शानदार प्रदर्शन के लिए झारखंड की संगीता कुमारी को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

शुरुआती मुकाबलों में भी शानदार जीत

झारखंड की टीम ने प्रतियोगिता के शुरुआती मुकाबलों में भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया। टीम ने हॉकी चंडीगढ़ को 6-0 से तथा हॉकी पंजाब को 3-1 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी। अब टीम की नजर सेमीफाइनल मुकाबले पर है।

लगातार 14वीं बार राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में पहुंचने पर हॉकी झारखंड और खेल विभाग के पदाधिकारियों ने पूरी टीम को बधाई दी है। साथ ही आगामी मुकाबले के लिए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी गई हैं।

झारखंड टीम

गोलकीपर: गंगी बरला, सोनाली तिर्की
खिलाड़ी: सरोज कुमारी, जिरेन सोय, एस्थर होरो, संगीता कुमारी, अनीषा कुल्लू, सलोमी नाग, गुलजन कुमारी, रजनी केरकेट्टा, पुष्पा डांग, अनुप्रिया सोरेंग, रीना कुल्लू, स्वीटी डुंगडुंग, सरोज मुंडरी, सुकरमनी मुंडू, लियोनी हेमरोम और जमुना कुमारी।

मुख्य कोच: विकास पंत
सहायक कोच: अभिषेक कुमार
मैनेजर: दिव्या डुंगडुंग
फिजियो: स्वीटी खातून

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *