रांची

श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर में जन्माष्टमी से भागवत कथा तक होंगे भव्य धार्मिक आयोजन

रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक ट्रस्ट कार्यालय में अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में ट्रस्ट की ओर से संचालित विभिन्न धार्मिक एवं सेवा गतिविधियों की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी धार्मिक आयोजनों की तैयारियों और कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तय की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि पुंदाग स्थित श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में संत शिरोमणि स्वामी सदानंद जी महाराज के सानिध्य में 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का भव्य आयोजन किया जाएगा। जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर का आकर्षक एवं अलौकिक श्रृंगार किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए झूलन उत्सव आयोजित होगा। कोलकाता से आए कलाकार विशेष नृत्य-नाटिका की प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा भजन-जागरण सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण होगा।

9 सितंबर को छठी महोत्सव

बैठक में बताया गया कि 9 सितंबर को भगवान श्रीकृष्ण के छठी महोत्सव का भी भव्य आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 19 सितंबर को राधाष्टमी के अवसर पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम होंगे। आयोजकों के अनुसार इन सभी कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

20 से 26 सितंबर तक श्रीमद्भागवत कथा

ट्रस्ट की ओर से 20 सितंबर से 26 सितंबर तक सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन करने का निर्णय लिया गया है। वृंदावन की सुप्रसिद्ध कथा वाचिका साध्वी गोपिका जी श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगी।

सात दिनों तक कथा, भजन, सत्संग और आध्यात्मिक प्रवचन के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति, प्रेम, सेवा और धर्म के संदेश से जोड़ा जाएगा।

ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कहा कि श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट का उद्देश्य धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में आध्यात्मिक चेतना, संस्कार, सेवा और सद्भाव की भावना को मजबूत करना है। आगामी कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित और भव्य रूप देने के लिए तैयारियां शुरू करने पर भी बैठक में चर्चा हुई।

बैठक का संचालन ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने किया। इस अवसर पर राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, विजय अग्रवाल, मनोज चौधरी, सज्जन पाड़िया, निर्मल छावनिका, पूरणमल सर्राफ, शिव भगवान अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, मधुसूदन जाजोदिया, नंदकिशोर चौधरी, विष्णु सोनी, दीपेश निराला, अंजनी अग्रवाल, मनीष जालान, विशाल जालान, सुनील पोद्दार, सुरेश भगत, मनीष सोनी, पवन पोद्दार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *