पैरा थ्रो बॉल नेशनल फेडरेशन कप में झारखंड की बालिका टीम का स्वर्णिम प्रदर्शन, राजस्थान को हराकर जीता गोल्ड
रांची। झारखंड की बालिका पैरा थ्रो बॉल टीम ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए पैरा थ्रो बॉल नेशनल फेडरेशन कप 2026 में स्वर्ण पदक अपने नाम कर राज्य का गौरव बढ़ाया। 3 से 5 फरवरी 2026 तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में झारखंड की टीम ने राजस्थान को 21–17 से पराजित कर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया।
झारखंड की दिव्यांग बालिका खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में संघर्षपूर्ण और शानदार खेल का प्रदर्शन किया। फाइनल में टीम ने संयम और कौशल का परिचय देते हुए मजबूत राजस्थान टीम को हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ झारखंड ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
वहीं पुरुष वर्ग में झारखंड की टीम ने भी सराहनीय प्रदर्शन किया, लेकिन सेमीफाइनल में कड़ी टक्कर के बाद हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद टीम को चौथे स्थान से संतोष करना पड़ा। पुरुष टीम की अगुवाई कप्तान सनोज महतो ने की, जबकि टीम में मुकेश कंचन, पवन लकड़ा, चंदन लोहरा, मुकेश कुमार, अंगद कुमार, प्रमोद कुमार और राजेश कुमार मेहता शामिल रहे।
महिला वर्ग की विजेता टीम की कप्तान महिमा उरांव के नेतृत्व में अनीता तिर्की, प्रतिमा तिर्की, पुष्पा मिंज, संजुक्ता एक्का, असुंता टोप्पो, सरिता भूट कुमारी, सुनीता कुमारी, शकुंतला कुमारी, जयश्री कुमारी, पूनम कुमारी और तारामणि लकड़ा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर पतरस तिर्की ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि झारखंड के इन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आर्थिक सहयोग की अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने सरकार से अपील की कि खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि वे भविष्य में भी राज्य और देश का नाम रोशन करते रहें।
पैरा थ्रो बॉल एसोसिएशन ऑफ झारखंड के सचिव सरिता सिन्हा, राहुल मेहता, पतरस तिर्की और आनंद प्रसाद गोप ने भी सभी खिलाड़ियों को इस ऐतिहासिक जीत पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
