दूसरी शादी की नीयत से कराई थी पत्नी की हत्या, पति-सास समेत पांच गिरफ्तार

Giridih : गिरिडीह के बगोदर थाना क्षेत्र के कारी पहाड़ी जंगल में मिले अर्धजले महिला के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। जांच में खुलासा हुआ है कि महिला की हत्या उसके पति ने दूसरी शादी करने की नीयत से कराई थी। इस जघन्य वारदात में पति और सास समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार लोगों में जाबीर अंसारी (पति), जैबुन निशा (सास), वकील अंसारी उर्फ रॉकी, गुड्डू अली और सराफत अंसारी शामिल हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो बाइक, पांच मोबाइल फोन, मृतका के कपड़े, चूड़ी, माचिस, बोतल और जूट का बोरा बरामद किया है। इस बात का खुलासा गिरिडीह एसपी डॉ बिमल कुमार ने किया।
एसपी डॉ बिमल कुमार ने मीडिया को बताया कि बीते 30 जनवरी की सुबह करीब 7:30 बजे कारी पहाड़ी जंगल में एक अज्ञात महिला का अर्धजला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बगोदर-सरिया एसडीपीओ धनंजय कुमार राम के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। घटनास्थल पर एफएसएल टीम, श्वान दस्ता, फिंगर प्रिंट विशेषज्ञ और तकनीकी टीम को लगाया गया।
जांच के दौरान आसपास के थाना क्षेत्रों से लापता महिलाओं की जानकारी जुटाई गई। इसी क्रम में डुमरी थाना क्षेत्र से 28 जनवरी को लापता शाहिना प्रवीण का मामला सामने आया। मृतका के परिजनों को बुलाकर पहचान कराई गई। अधजले शव पर मौजूद निशान, कपड़े और घटनास्थल से बरामद चूड़ियों के आधार पर मृतका की पहचान शाहिना प्रवीण (पति जाबीर अंसारी), निवासी चिनो, थाना डुमरी, जिला गिरिडीह के रूप में हुई।
मृतका के पिता ताहुल अंसारी के आवेदन पर बगोदर थाना हत्या और साक्ष्य मिटाने का मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर मृतका के पति जाबीर अंसारी और सास जैबुन निशा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात कबूल की।
एसपी ने बताया कि जाबीर अंसारी अपनी पत्नी को रास्ते से हटाकर दूसरी लड़की से शादी करना चाहता था। इसी कारण उसने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर शाहिना प्रवीण को कारी पहाड़ी जंगल ले जाकर हत्या की और शव को जला दिया। इस वारदात में सराफत अंसारी, वकील अंसारी उर्फ रॉकी, गुड्डू अली और दो नाबालिग लड़कों की संलिप्तता सामने आई है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
