लोकसभा में उठा पलामू में रेलवे वैगन यूनिट का मुद्दा, सांसद वीडी राम ने रेल मंत्री से की स्थापना की मांग

पलामू, 29 जुलाई। पलामू संसदीय क्षेत्र के सांसद विष्णु दयाल राम (वीडी राम) ने लोकसभा में पलामू में रेलवे वैगन उत्पादन इकाई और मेगा वैगन अनुरक्षण (PHO-ROH) कार्यशाला की स्थापना का मुद्दा उठाया। उन्होंने इसे क्षेत्र के औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और रेलवे की परिचालन क्षमता बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए केंद्र सरकार से इस दिशा में पहल करने की मांग की।
सांसद ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखने के साथ-साथ उनसे व्यक्तिगत मुलाकात कर भी पलामू में रेलवे वैगन उत्पादन इकाई एवं मेगा वैगन अनुरक्षण कार्यशाला स्थापित करने का अनुरोध किया है।
रोजगार और औद्योगिक विकास को मिलेगी रफ्तार
विष्णु दयाल राम ने कहा कि पलामू और गढ़वा झारखंड के सबसे पिछड़े और औद्योगिक रूप से उपेक्षित जिलों में शामिल हैं। स्थानीय स्तर पर रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में युवाओं को दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि रेलवे की बड़ी परियोजना स्थापित होने से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और पलायन पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
गढ़वा रोड और जपला स्टेशन को बताया उपयुक्त स्थान
सांसद ने कहा कि गढ़वा रोड और जपला रेलवे स्टेशन रेलवे वैगन उत्पादन इकाई या मेगा अनुरक्षण कार्यशाला की स्थापना के लिए उपयुक्त स्थान हैं। यहां रेलवे की पर्याप्त भूमि उपलब्ध है और दोनों स्टेशन सीसीएल (CCL) तथा बीसीसीएल (BCCL) के कोयला क्षेत्रों से जुड़े प्रमुख मालवाहक रेल मार्ग पर स्थित हैं।
उन्होंने बताया कि इन मार्गों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में खाली मालगाड़ियां गुजरती हैं, जिससे वैगनों के पीरियॉडिक ओवरहॉल (PHO) और रूटीन ओवरहॉल (ROH) के लिए यह स्थान परिचालन की दृष्टि से बेहद लाभकारी साबित होगा।
रेलवे को भी होगा लाभ
सांसद ने कहा कि वर्तमान में भारतीय रेल को वैगनों के पीएचओ और आरओएच कार्यों के लिए पर्याप्त क्षमता का अभाव है, जिससे अनुरक्षण कार्यों में देरी होती है और माल परिवहन प्रभावित होता है। पलामू में मेगा अनुरक्षण कार्यशाला स्थापित होने से वैगनों की उपलब्धता बढ़ेगी, परिचालन दक्षता और सुरक्षा में सुधार होगा तथा रेलवे की माल ढुलाई व्यवस्था और अधिक मजबूत बनेगी।
उन्होंने रेल मंत्री से इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करने का आग्रह करते हुए कहा कि इस परियोजना से न केवल भारतीय रेल को लाभ होगा, बल्कि पलामू संसदीय क्षेत्र सहित पूरे इलाके में औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी और हजारों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
