मलेरिया से सीआरपीएफ जवान की मौत, सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

जमशेदपुर, 29 जुलाई। पूर्वी सिंहभूम जिले के चाईबासा स्थित सीआरपीएफ की 197वीं बटालियन में तैनात जवान पिंटू कुमार साव (35) का बुधवार तड़के मलेरिया से उपचार के दौरान एमजीएम अस्पताल में निधन हो गया। उनकी मौत की खबर से सीआरपीएफ अधिकारियों और जवानों में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, 28 जुलाई को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने पर जांच कराई गई, जिसमें मलेरिया संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए तत्काल एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार के बावजूद उनकी हालत लगातार गंभीर बनी रही और बुधवार तड़के उन्होंने अंतिम सांस ली।
सैन्य सम्मान के साथ दी गई श्रद्धांजलि
जवान के निधन की सूचना मिलते ही सीआरपीएफ के अधिकारी और जवान एमजीएम अस्पताल पहुंचे। पोस्टमार्टम से पहले अस्पताल के शवगृह में उन्हें पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गई और पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया।
बिहार के वैशाली में होगा अंतिम संस्कार
सीआरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि जवान का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव फरीदपुर, जिला वैशाली (बिहार) भेजा गया है, जहां राजकीय सम्मान और पारिवारिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए
पिंटू कुमार साव का विवाह लगभग 10 वर्ष पहले हुआ था। उनके परिवार में पत्नी, पांच वर्ष और तीन वर्ष की दो बेटियां तथा दो माह का एक बेटा है। उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
