सौरेंद मोहिनी पब्लिक स्कूल में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, बच्चों ने प्रस्तुत की शानदार योग कलाएं
रांची: सौरेंद मोहिनी पब्लिक स्कूल परिसर में शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न योगासन और योग कलाओं का शानदार प्रदर्शन कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के निर्देशक सौमेन दत्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में भी विद्यार्थियों को एकाग्रचित होने और बेहतर प्रदर्शन करने में सहायता करता है।
विद्यालय की उप-निर्देशिका नेहा दत्ता ने विद्यार्थियों को बताया कि योग शरीर और मन के बीच संतुलन स्थापित करने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि योग मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देता है।
उन्होंने कहा, “योग हमारे जीवन को स्वस्थ, खुशहाल और संतुलित बनाए रखने का एक सरल एवं प्रभावी माध्यम है। इसलिए हमें अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करना चाहिए।”
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रिंसिपल आर. के. दास सहित अर्चना कुमारी, सिमरन सिंह, मधु मींज, मानसी डे, सोनिया, इति, प्रोसेनजीत, परमजीत, मधुलिका कुमारी, सुरभि सिंह एवं अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।
कार्यक्रम का समापन सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों द्वारा नियमित योग करने के संकल्प के साथ किया गया।
