कुख्यात कृष्णा गोप के शूटर पर ताबड़तोड़ फा’यरिंग, एक घायल

Seraikela : झारखंड के सरायकेला जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित मांझी टोला में उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब दो गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई खूनी झड़प में बदल गई। देखते ही देखते ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई और पूरे इलाके में गोलियों की आवाज गूंजने लगी। बताया जा रहा है कि बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में बंद कुख्यात अपराधी कृष्णा गोप के शूटर आशीष दीप को निशाना बनाकर विरोधी गुट ने सात राउंड फायरिंग की। हालांकि आशीष दीप इस हमले में बाल-बाल बच गया, लेकिन उसका साथी राजवीर सिंह उर्फ लालू गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
बाइक से भागने के दौरान लगी गोली
जानकारी के मुताबिक घटना बीती देर रात की है जब दोनों गुटों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और फिर फायरिंग तक पहुंच गई। एक पक्ष ने हथियार निकाल लिए और आशीष दीप को टारगेट कर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। जब आशीष और उसका दोस्त राजवीर सिंह बाइक से वहां से भागने की कोशिश कर रहे थे, तभी एक गोली बाइक चला रहे राजवीर की कमर के निचले हिस्से में जा लगी। गोली लगते ही वह घायल होकर गिर पड़ा। किसी तरह उसके साथी उसे तुरंत टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) लेकर पहुंचे, जहां देर रात तक डॉक्टरों की टीम ऑपरेशन कर गोली निकालने में जुटी रही।
जेल से जुड़ा है विवाद का कनेक्शन
पुलिस की जांच में सामने आया है कि इस हमले की जड़ें सरायकेला और होटवार जेल से जुड़ी हुई हैं। जेल में रहने के दौरान आशीष दीप और राजवीर सिंह का अपराधी संजय सरकार से विवाद हुआ था। आरोप है कि उसी झगड़े का बदला लेने के लिए संजय सरकार के बेटे शुभम सरकार और उसके साथियों ने हमले की साजिश रची। योजना बनाकर सोमवार रात इस वारदात को अंजाम दिया गया।
दोनों पक्षों का आपराधिक इतिहास
इस घटना में शामिल दोनों गुटों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। आशीष कुमार दीप 12 जून 2022 को मांझी टोला में जुआ खेलने के विवाद में हुई आकाश गोप की हत्या का मुख्य आरोपी है। उसने जुलाई 2022 में सरेंडर किया था और करीब एक साल पहले जेल से बाहर आया है। वहीं राजवीर सिंह 2 मई 2021 को आदित्यपुर में हुए चर्चित बाबू गोप हत्याकांड में आरोपी रहा है। वह भी कुछ महीने पहले ही जमानत पर बाहर आया था।
