रांची

रांची में फिर बदला मौसम का मिजाज, मार्च की शुरुआत में ही बढ़ने लगी गर्मी

मौसम

Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। फरवरी से ही गर्मी की आहट शुरू हो गई थी, लेकिन अब मार्च के पहले हफ्ते में इसका असर साफ महसूस होने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।

होली पर साफ रहेगा आसमान, दिन में दिखेगा गर्मी का असर

होली के दिन मौसम पूरी तरह साफ रहने का अनुमान है। फगुनाहट वाली हल्की हवा चलने से सुबह-शाम मौसम सुहावना रहेगा, लेकिन दिन में गर्मी अपना असर दिखाएगी।

अधिकतम तापमान : करीब 31°C

न्यूनतम तापमान : करीब 14°C

सुबह और रात में हल्की ठंडक महसूस होगी, लेकिन दोपहर में धूप तेज रहेगी।

6-7 मार्च को आंशिक बादल, बारिश के आसार नहीं
होली के बाद 6 और 7 मार्च को आसमान में हल्के बादल छा सकते हैं।

अधिकतम तापमान : 33°C तक

न्यूनतम तापमान : 16°C के आसपास

हालांकि फिलहाल बारिश के कोई पुख्ता संकेत नहीं हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगर कोई सिस्टम विकसित होता है तो हल्की बारिश से इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन अभी मौसम मुख्य रूप से शुष्क ही रहेगा। 7 और 8 मार्च को भी राज्य के कुछ हिस्सों में बादल दिख सकते हैं, मगर बारिश की संभावना कम है। विभाग ने किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है।

रात का पारा पांच साल में सबसे ज्यादा

मार्च की शुरुआत से ही दिन और रात दोनों समय की ठंड लगभग खत्म हो गई है। इस बार रात का तापमान पिछले पांच साल का रिकॉर्ड तोड़ चुका है।
पिछले पांच वर्षों में मार्च में अधिकतम तापमान 40°C के पार नहीं गया, लेकिन अगर इसी तरह गर्मी बनी रही तो इस बार नया रिकॉर्ड बन सकता है।

अनुमान है :

पहले सप्ताह में तापमान 33-34°C तक, दूसरे सप्ताह में 35°C के पार और महीने के अंत तक 38°C तक पहुंचने की संभावना है।

सरायकेला सबसे गर्म, हजारीबाग सबसे ठंडा
बीते 24 घंटों की बात करें तो राज्य में सबसे ज्यादा तापमान सरायकेला में 35.6°C दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान हजारीबाग में 14.2°C रहा।

6 मार्च तक सुबह हल्की धुंध

मौसम केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 6 मार्च तक सुबह हल्की धुंध या कोहरा देखने को मिल सकता है। जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, आसमान साफ हो जाएगा।

अधिकतम तापमान : 31-32°C

न्यूनतम तापमान : 15-17°C

राजधानी सहित दक्षिणी, उत्तरी, कोल्हान, उत्तर-पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी झारखंड में मौसम शुष्क बना रहेगा।

धीरे-धीरे चढ़ेगा पारा

मार्च के पहले सप्ताह में तापमान लगातार बढ़ेगा। यानी अब ठंड की विदाई तय है और आने वाले दिनों में गर्मी का असर और ज्यादा महसूस होगा। ऐसे में दोपहर की तेज धूप से बचने और शरीर में पानी की कमी न होने देने की सलाह दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *