Home

FIH हॉकी5s विश्व कप के लिए भारतीय महिला और पुरुष टीम क्वालिफाई, झारखंड के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

रांची। ओमान के मस्कट में आयोजित महिला एशियाई हॉकी5s प्रतियोगिता-2026 में भारतीय महिला टीम ने रजत पदक जीतकर और भारतीय पुरुष टीम ने स्वर्ण पदक हासिल कर FIH Youth Hockey5s World Cup के लिए क्वालिफाई कर लिया है। दोनों टीमों के शानदार प्रदर्शन पर खेल जगत में खुशी की लहर है।

भारतीय महिला टीम की सफलता में झारखंड की पांच खिलाड़ियों संदीपा कुमारी, पुष्पा मांझी, खिल्ली कुमारी, नीलम टोपनो और श्रुति कुमारी ने अहम भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने आठ मुकाबलों में पांच जीत दर्ज की, जबकि लीग और फाइनल में चीन से हार का सामना करना पड़ा। फाइनल में भारत को चीन ने 4-2 से हराकर स्वर्ण पदक से वंचित कर दिया।

झारखंड की खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन

पूरे टूर्नामेंट में झारखंड की खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। संदीपा कुमारी ने सर्वाधिक 12 गोल किए, जबकि पुष्पा मांझी ने 7, नीलम टोपनो ने 4 और श्रुति कुमारी ने 2 गोल किए। खिल्ली कुमारी ने गोलकीपर के रूप में प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के दौरान झारखंड की खिलाड़ियों को चार बार ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला। संदीपा कुमारी ने लगातार तीन मुकाबलों में यह सम्मान हासिल किया, जबकि सेमीफाइनल में पुष्पा मांझी को यह पुरस्कार मिला।

पुरुष टीम ने पाकिस्तान को हराकर जीता स्वर्ण

भारतीय पुरुष हॉकी5s टीम ने फाइनल में पाकिस्तान को 3-1 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस टीम में झारखंड के आशीष तनी पूर्ति भी शामिल थे, जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 3 गोल दागकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

हॉकी इंडिया करेगी नकद पुरस्कार

हॉकी इंडिया के महासचिव एवं हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने दोनों टीमों को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि हॉकी इंडिया की ओर से स्वर्ण पदक विजेता पुरुष टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को ₹2 लाख तथा टीम स्टाफ को ₹1 लाख दिए जाएंगे। वहीं रजत पदक विजेता भारतीय महिला टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को ₹1 लाख और टीम स्टाफ को ₹50 हजार का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने झारखंड की खिलाड़ियों की विशेष सराहना करते हुए कहा कि राज्य की बेटियों ने एशियाई स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर भारत को पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और जमीनी स्तर पर काम करने वाले सभी पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि पारदर्शी चयन प्रक्रिया और ग्रासरूट स्तर पर प्रतिभाओं को अवसर देने का सकारात्मक परिणाम अब सामने आ रहा है।

हॉकी झारखंड ने जताया गर्व

हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी ने कहा कि झारखंड के खिलाड़ी लगातार भारतीय टीम की जीत में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने इसका श्रेय हॉकी झारखंड के नेतृत्व, पारदर्शी चयन प्रक्रिया और राज्य सरकार द्वारा खिलाड़ियों को मिल रहे प्रोत्साहन एवं बेहतर प्रशिक्षण को दिया।

भारतीय पुरुष टीम के स्वर्ण और महिला टीम के रजत पदक जीतने पर खेल निदेशक छवि रंजन, उपनिदेशक निर्भय कुमार, हॉकी झारखंड के पदाधिकारियों तथा राज्य के विभिन्न खेल संगठनों ने पूरी भारतीय टीम और विशेष रूप से झारखंड के खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *