रांची

झारखंड हाईकोर्ट के वरीय अधिवक्ताओं का सम्मान, न्यायिक व्यवस्था में उनकी भूमिका पर हुआ मंथन

रांची। अधिवक्ता परिषद झारखंड हाईकोर्ट इकाई की ओर से रविवार को रांची के पुंदाग स्थित आईआईएम परिसर में झारखंड हाईकोर्ट के सभी नामित (डेजिग्नेटेड) वरीय अधिवक्ताओं के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर “न्यायिक प्रणाली में वरीय अधिवक्ताओं की भूमिका” विषय पर संगोष्ठी भी हुई, जिसमें न्यायिक व्यवस्था में वरिष्ठ अधिवक्ताओं के योगदान और मार्गदर्शक की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद के महासचिव डी. भरत कुमार ने कहा कि वरीय अधिवक्ता समाज के पथप्रदर्शक होते हैं। उन्होंने कहा कि न्याय सर्वोपरि है और वरीय अधिवक्ताओं के अनुभव एवं विचार न केवल अधिवक्ताओं बल्कि पूरे समाज के लिए मार्गदर्शक होते हैं। उन्होंने कहा कि मुकदमा जीतने से अधिक महत्वपूर्ण समाज को सही दिशा देना है।

झारखंड हाईकोर्ट के वरीय अधिवक्ता विजय प्रताप सिंह ने बार और बेंच के आदर्श संबंधों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक सच्चा वरीय अधिवक्ता वही है, जो अपने जूनियर, साथी अधिवक्ताओं और न्यायालय का सम्मान करे तथा अपने अनुभवों से नई पीढ़ी का मार्गदर्शन करे।

वरीय अधिवक्ता एवं अधिवक्ता परिषद झारखंड हाईकोर्ट इकाई के अध्यक्ष अनिल कुमार कश्यप ने कहा कि हाईकोर्ट में अधिवक्ताओं के दो ही वर्ग होते हैं—अधिवक्ता और वरीय अधिवक्ता। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिवक्ता अपने अनुभवों से अधिवक्ताओं को व्यवहारिक ज्ञान देते हैं और बार एवं बेंच के बीच समन्वय की महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करते हैं।

अधिवक्ता परिषद झारखंड के क्षेत्रीय संगठन मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि वरीय अधिवक्ता सभी अधिवक्ताओं के गुरु होते हैं। उन्होंने बताया कि परिषद की गुरु-पूजन परंपरा के तहत वरिष्ठ अधिवक्ताओं के सम्मान का यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है और भविष्य में भी इसे जारी रखा जाएगा।

आईआईएम रांची के निदेशक प्रो. दीपक श्रीवास्तव ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में भी वरीय अधिवक्ताओं का अनुभव और मार्गदर्शन अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि उनके अनुभवों का लाभ केवल अधिवक्ताओं को ही नहीं, बल्कि पूरे समाज को मिलना चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिवक्ता परिषद झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष प्रशांत विद्यार्थी ने की। उन्होंने सभी अतिथियों, वरीय अधिवक्ताओं और महिला अधिवक्ताओं का स्वागत करते हुए परिषद के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

समारोह में झारखंड हाईकोर्ट के 19 नामित वरीय अधिवक्ताओं को प्रतीक चिन्ह, अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रांतीय महासचिव विजय नाथ कुंवर, महिला अधिवक्ता इंदु परासर, बक्शी विभा सहित परिषद के कई पदाधिकारी, अधिवक्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन प्रांतीय उपाध्यक्ष नीता कृष्णा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन हाईकोर्ट इकाई के महासचिव पवन पाठक ने किया। आयोजन को सफल बनाने में संयोजक रवि प्रकाश, सह-संयोजक अमित सिन्हा, रोमित कुमार, मृत्युंजय कुमार, लाल ज्ञान रंजन नाथ शहदेव सहित परिषद के अनेक अधिवक्ताओं और महिला अधिवक्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *