रांची

होली स्पेशल ट्रेनें भी फुल, बिना टिकट भी सफर को तैयार प्रवासी

होली

Ranchi : होली के त्योहार पर सभी अपने घर लौटने को बेताब है, न जाने कितने दिनों से अपने परिवार के साथ त्योहार मनाने का इंतज़ार कर रहे है, हो सकता है कुछ लोग काफी समय के बाद अपने घर जा रहे होंगे। झारखंड और बिहार के प्रवासी अपने घर लौट रहे हैं। पिछले एक सप्ताह से ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है। बड़े शहरों से आने वाली अधिकांश ट्रेनें पूरी तरह भर चुकी हैं। कई यात्री बिना टिकट या सीट के भी अपने परिवार के पास पहुंचने के लिए यात्रा कर रहे हैं।

ट्रेनों में भारी भीड़, आरक्षित सीटों पर भी दबाव

झारखंड की ओर आने वाली ट्रेनों में टिकट न होने के बावजूद लोग अपने गंतव्य तक पहुंचने को आतुर हैं। जनरल और स्लीपर बोगियां यात्रियों से खचाखच भरी हुई हैं। कोडरमा समेत राज्य के अन्य हिस्सों में भी यही स्थिति है। सामान्य कोचों में जगह न मिलने के कारण कई लोग आरक्षित बोगियों में घुसकर सफर कर रहे हैं, जिससे आरक्षित यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

यात्रियों की प्राथमिकता : परिवार के साथ होली

यात्रियों का एकमात्र उद्देश्य अपने परिवार के साथ होली मनाना है। इस कारण एक्सप्रेस ट्रेनों के साथ-साथ लोकल ट्रेनों में भी भारी भीड़ देखी जा रही है।

रेलवे सुरक्षा बल सक्रिय

रेलवे स्टेशनों पर आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) के जवान मुस्तैद नजर आ रहे हैं। वे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही भीड़ को नियंत्रित करने में लगे हुए हैं। यात्रियों को ट्रेन में चढ़ते या उतरते समय सावधान रहने और किसी दुर्घटना से बचने की सलाह दी जा रही है।

स्पेशल ट्रेनें : बक्सर टाटा होली स्पेशल

08183 टाटा-बक्सर होली स्पेशल – मंगलवार शाम 5:10 बजे टाटानगर से चलेगी और 31 मार्च तक हर मंगलवार को चलेगी। यह ट्रेन चांडिल, पुरुलिया, बोकारो स्टील सिटी, दानापुर होते हुए अगले दिन सुबह 8:15 बजे बक्सर पहुंचेगी। 08184 बक्सर-टाटा होली स्पेशल – 4 मार्च से 1 अप्रैल तक प्रत्येक बुधवार को बक्सर से दोपहर 12 बजे चलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *