झारखंड पुलिस के SI स्तर के अफसरों को मिलेगा खास प्रशिक्षण, होटवार में होगी 5 दिन की क्लास

Ranchi : झारखंड पुलिस के अनुसंधान को और मजबूत बनाने के लिए 9 मार्च से 13 मार्च 2026 तक पांच दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण रांची के होटवार स्थित अनुसंधान प्रशिक्षण विद्यालय में होगा। कार्यक्रम ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम से संचालित किया जाएगा। यह प्रशिक्षण “एडवांस इन्वेस्टिगेशन ट्रेनिंग कोर्स” के तहत आयोजित हो रहा है। इसमें “इन्वेस्टिगेशन प्रोसीजर्स एंड एन ओवरव्यू ऑन ऑफेंसेज” विषय पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण का समय प्रतिदिन सुबह 10 बजे से निर्धारित किया गया है।
हर जिले से दो-दो अफसरों का मनोनयन
इस संबंध में रांची, जमशेदपुर और धनबाद के एसएसपी, बाकी जिलों के एसपी (रेल सहित) को पत्र भेजा गया है। इसमें अनुरोध किया गया है कि वे अपने-अपने जिले से सब-इंस्पेक्टर रैंक के दो-दो पुलिस पदाधिकारियों का चयन करें। चयनित अधिकारियों का नाम और व्हाट्सएप नंबर ट्रेनिंग स्कूल को भेजना होगा। चयनित पदाधिकारियों को 8 मार्च दोपहर तक फुल वर्दी और पहचान पत्र के साथ प्रशिक्षण विद्यालय, होटवार में योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
ऑनलाइन प्रशिक्षण के लिए वेबेक्स लिंक
ऑनलाइन माध्यम से जुड़ने वाले अधिकारियों के लिए सीसीटीएनएस कार्यालय के जरिए वेबेक्स का लिंक प्रशिक्षण शुरू होने से पहले भेज दिया जाएगा। जिला स्तर पर अन्य अनुसंधान अधिकारियों को भी इस ऑनलाइन प्रशिक्षण से जुड़ने के लिए निर्देश देने को कहा गया है, ताकि वे भी महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी हासिल कर सकें।
पहले प्रशिक्षण ले चुके अधिकारी नहीं भेजे जाएंगे
पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जो अधिकारी पहले इस विषय पर प्रशिक्षण ले चुके हैं, उन्हें दोबारा इस प्रशिक्षण में नहीं भेजा जाए। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आईजी ट्रेनिंग के आदेश के तहत आयोजित किया जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि इस तरह के प्रशिक्षण से जांच की गुणवत्ता में सुधार होगा और मामलों का निष्पादन अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।
