18वीं स्नूकर एवं पूल चैंपियनशिप का भव्य उद्घाटन
रांची। 18वीं स्नूकर एवं पूल चैंपियनशिप का उद्घाटन झारखंड स्टेट चैंपियन यश किंगर द्वारा किया गया। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट विगत 18 वर्षों से डॉ. मोहम्मद जाकिर के जन्मदिन के अवसर पर नियमित रूप से आयोजित किया जा रहा है।
यह प्रतियोगिता बरियातू स्थित गेमर्स गैराज क्लब में खेली जा रही है। टूर्नामेंट में बिलियर्ड्स, मास्टर स्नूकर 15 रेड्स, मास्टर स्नूकर 6 रेड्स, मिनी स्नूकर 15 रेड्स, मिनी स्नूकर 6 रेड्स तथा 9-बॉल पूल जैसे आकर्षक इवेंट्स आयोजित किए जा रहे हैं।
इस प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया है। टूर्नामेंट के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, नकद पुरस्कार राशि तथा क्लब की सदस्यता (मेंबरशिप) प्रदान की जाएगी।
आयोजकों के अनुसार यह प्रतियोगिता राज्य में स्नूकर एवं पूल खेल को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच प्रदान कर रही है।
