Home

2999 रुपये कैशबैक का झांसा देकर खाते से उड़ा देते थे पैसे, चार चढ़े पुलिस के हत्थे

Jamtara : जामताड़ा साइबर पुलिस ने मोबाइल ऐप के जरिये ठगी करने वाले अंतरजिला साइबर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से कई फर्जी दस्तावेज, मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए हैं। मामले का खुलासा डीएसपी चंद्रशेखर ने साइबर थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया। उन्होंने बताया कि एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश मंडल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में इंस्पेक्टर नितिश कुमार, एसआई हीरालाल महतो समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

पुलिस टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कठबरारी से रंगामटिया जाने वाली कच्ची सड़क के पास जोरिया से लगभग 50 मीटर दूर स्थित पलाश मैदान में छापेमारी कर चारों आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सिराज अंसारी और मो. इजहार अंसारी, देवघर जिले के सारठ थाना क्षेत्र अंतर्गत बसमता निवासी चांद मिर्जा तथा करमाटांड़ के मो. बेलाल अंसारी के रूप में हुई है।

डीएसपी ने बताया कि आरोपियों के पास से 8 मोबाइल फोन, 13 सिम कार्ड, 2 एटीएम कार्ड, 1 आधार कार्ड सहित चेकबुक, पैन कार्ड और वोटर कार्ड जैसे कई फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए हैं। इस संबंध में जामताड़ा साइबर अपराध थाना कांड संख्या 74/25 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार आरोपी ‘कॉम्पेरीफाई’ ऐप के माध्यम से 2999 रुपये कैशबैक का झांसा देकर लोगों को मैसेज भेजते थे। जैसे ही लोग उस मैसेज को स्वीकार करते थे, उनके खाते से राशि कटकर ऐप में चली जाती थी। इस पैसे से आरोपी गिफ्ट कार्ड खरीदकर उन्हें कमीशन पर बेच देते थे।

डीएसपी चंद्रशेखर ने बताया कि गिरोह का नेटवर्क झारखंड के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *