रांची

कोलकाता में लघु उद्योग भारती के उद्यमी सम्मेलन मेला 2025 का भव्य उद्घाटन, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल रहे मुख्य अतिथि

रांची/कोलकाता, जून 2025:
लघु उद्योग भारती द्वारा कोलकाता स्थित नेशनल लाइब्रेरी में आयोजित ‘उद्यमी सम्मेलन मेला 2025’ का उद्घाटन केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय कानून एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अर्जुन राम मेघवाल ने संयुक्त रूप से किया। इस कार्यक्रम में पूर्वी क्षेत्र के नीति-निर्माता, उद्योग विशेषज्ञ, कानूनी सलाहकार और सैकड़ों उद्यमी शामिल हुए। सभी ने औद्योगिक पुनरुत्थान, नीति निर्माण और बुनियादी ढांचे की प्राथमिकताओं पर विचार साझा किए।

रेल मंत्री ने बताए रेलवे के विकास की योजनाएं

कार्यक्रम में संबोधित करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि किसी भी देश की आर्थिक प्रगति के लिए रेलवे की बुनियादी संरचना का विकास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि भारत में हर साल लगभग 1400 इंजन और 35,000 वैगनों का निर्माण हो रहा है। पश्चिम बंगाल के लिए उन्होंने बताया कि न्यू जलपाईगुड़ी-कोलकाता रेल कॉरिडोर को विश्वस्तरीय रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए एक मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है जिसमें नई रेल लाइनों, गति शक्ति कार्गो टर्मिनल आदि को जोड़ा जाएगा।

कानून मंत्री ने उद्योग 4.0 पर दिया ज़ोर

कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने उद्योग 4.0 के युग की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए नवाचार और तकनीकी उन्नयन जरूरी है। उन्होंने छोटे एवं मंझोले उद्योगों को डिजिटल परिवर्तन के लिए प्रेरित किया।

झारखंड प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन

सम्मेलन में लघु उद्योग भारती, झारखंड प्रदेश के पदाधिकारियों ने भाग लिया और रेल मंत्री को झारखंड में रेलवे सुविधाओं को बेहतर बनाने संबंधी ज्ञापन सौंपा।
प्रांतीय अध्यक्ष विजय मेवाड़, महामंत्री बिनोद कुमार अग्रवाल, और पूर्व अध्यक्ष विजय छापड़िया ने झारखंड के डीआरयूसीसी और जेडआरयूसीसी में संगठन को प्रतिनिधित्व देने की मांग की।

प्रमुख रेल सुझावों में शामिल थे:

  • पुरुलिया–तिरुनेलवेली सुपरफास्ट एक्सप्रेस का विस्तार रांची तक
  • रांची–आनंद विहार टर्मिनल सुपरफास्ट का विस्तार जयपुर तक
  • कोडरमा–बरकाकाना पैसेंजर का विस्तार मेसरा/रांची तक
  • हटिया–सारी पैसेंजर का विस्तार हजारीबाग टाउन तक
  • दुमका से नई दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन
  • रांची–रायपुर के बीच दैनिक ट्रेन
  • रांची–मदार ट्रेन का नियमित संचालन
  • रांची से मुंबई और बेंगलुरु के लिए दैनिक ट्रेन सेवा

प्रतिनिधिमंडल में शामिल प्रमुख सदस्य:

इन्दर अग्रवाल, प्रकाश हेतमसरिया, अजय दधीच, सत्यप्रकाश पांडे, ज्ञान जायसवाल, विकास सिंह, विनोद शर्मा, अनिल गोयल, सपन मजूमदार, आरके अग्रवाल और किशोर गोलेहा आदि।

कार्यक्रम के दौरान उद्यमियों और उद्योग नीति निर्माताओं के बीच सकारात्मक संवाद हुआ, जो भविष्य में पूर्वी भारत के औद्योगिक विकास के लिए मील का पत्थर साबित हो सकता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *