गोड्डा

गोड्डा में युवक की हत्या का 48 घंटे में खुलासा, 19 साल के आरोपी ने ईंट से वार कर ली थी जान

Godda : गोड्डा के महागामा थाना क्षेत्र में 10 अप्रैल को हरिनचारा-शिरसा रोड पर मिले युवक के शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय आरोपी लोबिन सोरेन उर्फ लुबिन सोरेन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ के दौरान हत्या की बात स्वीकार कर ली है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सुधांशु मंडल के रूप में हुई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के पिता संजय मंडल के आवेदन पर महागामा थाना में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मुकेश कुमार के निर्देश पर महागामा एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को लोबिन सोरेन पर शक हुआ। उसे हिरासत में लेकर जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने पूरी घटना कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि उसने ईंट से वार कर सुधांशु मंडल की हत्या की थी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त ईंट और आरोपी का एक चप्पल भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी लोबिन सोरेन, उम्र 19 वर्ष, मूल रूप से मधुपुर (थाना बलबड्डा) का रहने वाला है और फिलहाल हरिनचारा गांव में रह रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इस पूरे मामले में महागामा के इंस्पेक्टर उपेंद्र कुमार महतो, थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल समेत अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने अहम भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *