8-9 अगस्त को होगी गढ़वा जिला सबजूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता, राज्य प्रतियोगिता के लिए होगा चयन
गढ़वा: झारखंड राज्य एथलेटिक्स एसोसिएशन के निर्देशानुसार गढ़वा जिला सबजूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2026 का आयोजन 8 एवं 9 अगस्त को स्थानीय रामा साहू स्टेडियम में किया जाएगा। प्रतियोगिता में जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों के अंडर-14 और अंडर-16 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ी भाग ले सकेंगे।
जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव आलोक मिश्रा ने बताया कि अंडर-14 वर्ग में 28 अक्टूबर 2012 से 27 अक्टूबर 2014 के बीच जन्मे खिलाड़ी तथा अंडर-16 वर्ग में 28 अक्टूबर 2010 से 27 अक्टूबर 2012 के बीच जन्मे खिलाड़ी भाग लेने के पात्र होंगे।
अंडर-14 आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए ट्रायथलॉन ए, बी एवं सी में से किसी एक ग्रुप के साथ किड्स जैवलिन में भाग लेना अनिवार्य होगा। वहीं अंडर-16 वर्ग में 60 मीटर, 600 मीटर, 80 मीटर हर्डल्स, हाई जंप, लॉन्ग जंप, शॉट पुट, जैवलिन थ्रो और पेंटाथलॉन सहित विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। इस वर्ग के खिलाड़ी अधिकतम दो स्पर्धाओं में हिस्सा ले सकेंगे।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड तथा जन्मतिथि अंकित अंकपत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। साथ ही प्रत्येक प्रतिभागी को ₹50 प्रवेश शुल्क जमा करना होगा।
प्रतियोगिता प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे से शुरू होगी। 8 अगस्त को अंडर-14 एवं अंडर-16 बालक वर्ग की स्पर्धाएं आयोजित होंगी, जबकि 9 अगस्त को दोनों आयु वर्ग की बालिका प्रतियोगिताएं संपन्न होंगी।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों का चयन 3वीं झारखंड राज्य सबजूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 21 और 22 अगस्त को मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, धनबाद में आयोजित होगी, जहां चयनित खिलाड़ी गढ़वा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला एथलेटिक्स संघ के कोषाध्यक्ष अजयकांत (मो. 7461906890) एवं संयुक्त सचिव सुशील कुमार तिवारी (मो. 6201073740) से संपर्क किया जा सकता है।
