Home

श्रावणी मेला शुरू होने से पहले देवघर पहुंचे मुख्य सचिव अविनाश कुमार, बाबा बैद्यनाथ से की राज्य की सुख-समृद्धि की कामना

देवघर: विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला-2026 के शुभारंभ से पहले झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर देवघर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सपरिवार बाबा बैद्यनाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर श्रावणी मेले के सफल आयोजन, झारखंड की सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की प्रार्थना की।

देवघर प्रवास के दौरान मुख्य सचिव ने श्रावणी मेले की तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा कि श्रावणी मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और मेले के दौरान व्यवस्थाओं का सतत निरीक्षण सुनिश्चित करें।

पूजा-अर्चना के उपरांत जिला प्रशासन की ओर से मुख्य सचिव को बाबा बैद्यनाथ का प्रसाद और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

गौरतलब है कि श्रावणी मेला शुरू होने के साथ ही बाबा बैद्यनाथ धाम में देशभर से लाखों कांवरियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू होगा। इसे देखते हुए जिला प्रशासन सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर पूरी तरह सतर्क और तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *