रांची में सीबीएसई ईस्ट ज़ोन तीरंदाजी क्लस्टर चैम्पियनशिप का आगाज़, 86 स्कूलों के 665 तीरंदाज ले रहे हैं हिस्सा

Ranchi: राजधानी रांची स्थित टॉरियन वर्ल्ड स्कूल में मंगलवार को सीबीएसई ईस्ट ज़ोन तीरंदाजी क्लस्टर चैम्पियनशिप 2026–27 का भव्य शुभारंभ हुआ। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 27 से 30 जुलाई 2026 तक आयोजित की जा रही है, जिसमें पूर्वी भारत के विभिन्न राज्यों से आए सीबीएसई संबद्ध विद्यालयों के छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में 86 सीबीएसई संबद्ध विद्यालयों के 665 छात्र-छात्रा तीरंदाज भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने पारंपरिक रूप से तीर चलाकर किया।
उद्घाटन समारोह में चंचल भट्टाचार्य, शिवेंद्रनाथ दुबे, रिमिल बुरुली, डी. शैश्वरी, भाग्यवती चानू, गुरूचरण बेसरा, मनोज कुमार और असीम प्रियदर्शी सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
विद्यालय के निदेशक गोपाल चौधरी और प्रधानाचार्य शैलेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित इस प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर अर्जुन मुंडा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए अनुशासन, समर्पण, खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्र निर्माण का भी सशक्त माध्यम है।
यह चैम्पियनशिप युवा तीरंदाजों को अपनी प्रतिभा दिखाने, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए खुद को तैयार करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रही है। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न आयु वर्गों में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे, जिनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी अगले स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए अपनी दावेदारी मजबूत करेंगे।
