Home

फोटो जर्नलिस्टों के मैत्री क्रिकेट मैच में फॉक्स-11 की शानदार जीत

रूपेश नारायण बने मैन ऑफ द मैच, खेल भावना और आपसी सौहार्द का दिखा अनूठा संगम

रांची। झारखंड के फोटो जर्नलिस्टों के बीच मैत्री क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन रविवार को बरियातू स्थित बुद्धा फाउंडेशन परिसर के मैदान में किया गया। टूर्नामेंट में लैंसमैन-11 और फॉक्स-11 के बीच 11-11 ओवर का रोमांचक मुकाबला खेला गया, जिसमें दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लैंसमैन-11 की टीम ने निर्धारित 11 ओवर में 102 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान मनोरंजन कुमार सिंह ने सर्वाधिक 45 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि अमित दास ने 17 रन का योगदान दिया।

103 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फॉक्स-11 की टीम ने 10.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर सात विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से रूपेश नारायण ने नाबाद 48 रनों की शानदार पारी खेलकर जीत में अहम भूमिका निभाई।

मैच के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। रूपेश नारायण को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। वहीं, मनोरंजन कुमार सिंह को बेस्ट बल्लेबाज, राजकुमार को बेस्ट गेंदबाज तथा बॉबी को बेस्ट फील्डर के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर रांची की मेयर रोशनी खलखो, डिप्टी मेयर नीरज कुमार, जेएससीए के अध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव, चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष रमेश सिंह, झामुमो के वरिष्ठ नेता रोशन सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता आरिफ भट्ट, हिलटॉप पब्लिक स्कूल की निदेशिका संगीता राज, ख्याति बुटीक की निदेशक डॉ. ख्याति मुंजाल, बुद्धा फाउंडेशन के निदेशक डॉ. हरीश, समाजसेवी सरवन जालान सहित वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट और खेलप्रेमी उपस्थित थे।

सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना, आपसी सौहार्द और भाईचारे की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *