विश्व आदिवासी दिवस पर महिला खिलाड़ियों ने खेला मैत्री हॉकी मैच, मोरहाबादी एकादश विजयी
रांची। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को मोरहाबादी स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में हॉकी झारखंड की ओर से महिला वर्ग का मैत्री हॉकी मैच आयोजित किया गया। मुकाबला मोरहाबादी एकादश और बरियातू एकादश के बीच खेला गया, जो बेहद रोमांचक और संघर्षपूर्ण रहा।
निर्धारित समय के खेल में दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया और मुकाबला 3-3 गोल की बराबरी पर समाप्त हुआ। इसके बाद मैच का फैसला ट्राइब्रेकर से हुआ, जिसमें मोरहाबादी एकादश ने बरियातू एकादश को 3-2 से हराकर जीत दर्ज की।
मैच के दौरान दोनों टीमों की खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल और खेल भावना का प्रदर्शन किया। मुकाबले के बाद हॉकी झारखंड की ओर से सभी खिलाड़ियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी गई और उनके उत्साह को बढ़ाया गया।
इस अवसर पर हॉकी झारखंड के महानिदेशक विजय शंकर सिंह, महासचिव मनोज कोनबेगी, हॉकी कोच करुणा पूर्ति, राष्ट्रीय अंपायर मनोज प्रधान, हॉकी रांची के कोषाध्यक्ष प्रमोद केरकेट्टा, हॉकी कोच विकास पंत, दिव्या डुंगडुंग एवं राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी जोसेफ टोपनो सहित अन्य खेल पदाधिकारी, प्रशिक्षक और खिलाड़ी उपस्थित रहे।
हॉकी झारखंड की ओर से आयोजित इस मैत्री मुकाबले का उद्देश्य खिलाड़ियों के बीच आपसी समन्वय, खेल भावना और प्रतिस्पर्धात्मक माहौल को मजबूत करना रहा।
