रांची

जीण माता प्रचार समिति ने मनाया सावन सिंधारा उत्सव, 700 महिलाओं ने लिया हिस्सा

रांची। दुर्गा स्वरूपा आदि शक्ति श्री जीण माता का पावन सावन सिंधारा उत्सव रविवार को श्री जीण माता प्रचार समिति, रांची की ओर से हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन परिसर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में करीब 700 महिला श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान पूरा परिसर माता के जयकारों से गूंजता रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत अपराह्न तीन बजे भगवान श्री गणेश के आह्वान के साथ हुई। इसके बाद उत्सव के मुख्य संयोजक विजय पालडीवाल एवं परिवार ने श्री जीण माताजी की ज्योत प्रज्ज्वलित की। भजन संध्या में गुजरात से आईं आशा वैष्णव ने अपनी मधुर आवाज में भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। वहीं पुरुलिया से पहुंचीं शीतल कटारुका ने भी भजनों की प्रस्तुति से माहौल को भक्तिमय बना दिया।

भजन संध्या के दौरान माता की विभिन्न झांकियां प्रस्तुत की गईं। इनमें माता का चौसठ योगिनी स्वरूप मुख्य आकर्षण रहा। श्रद्धालुओं ने झांकियों का आनंद लिया और भक्तिभाव से माता के दर्शन किए।

उत्सव के दौरान श्री जीण माता का आकर्षक श्रृंगार किया गया। माता को सुंदर चुनरी, गजरा एवं मेहंदी अर्पित की गई। रात्रि आठ बजे पंडित रवि शास्त्री द्वारा महाआरती के साथ भजन संध्या का समापन हुआ। समिति की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम विशेष रूप से महिला श्रद्धालुओं के लिए रखा गया था।

कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष ओम प्रकाश अग्रवाल, उपाध्यक्ष विजय पालडीवाल, सचिव नारायण विजयवर्गीय, कोषाध्यक्ष बजरंग सोमानी, सह सचिव प्रदीप शर्मा सहित समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन में संदीप शर्मा, रमेश सोमानी, विनोद अग्रवाल, सविता शर्मा, सुनीता मित्तल, कविता सोमानी, एकता शर्मा, नेहा शर्मा, शीतल अग्रवाल, नेहा सिंघानिया, संगीता अग्रवाल, निधि विजयवर्गीय, ऋतु शर्मा सहित अन्य सदस्यों ने सहयोग किया।

उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति और उत्साह के साथ माता का गुणगान किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान ‘जय माता दी’ के जयकारों से मारवाड़ी भवन परिसर भक्तिमय बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *