पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के करीबियों पर ईडी की बड़ी कार्रवाई, रांची-हजारीबाग में आठ ठिकानों पर छापेमारी
रांची, 04 जुलाई : प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग (Money Laundering) मामले में झारखंड की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद और उनके पिता पूर्व मंत्री योगेंद्र साव से जुड़े लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की है। शुक्रवार सुबह से चल रही इस कार्रवाई में रांची, हजारीबाग, और बड़कागांव के कुल आठ ठिकानों को निशाना बनाया गया।
आरकेटीसी कोल ट्रांसपोर्टिंग घोटाले से जुड़ा मामला
सूत्रों के अनुसार, ईडी की यह कार्रवाई आरकेटीसी कोल ट्रांसपोर्टिंग मामले में हो रही है। जांच एजेंसी की एक टीम ने रांची के हरमू रोड स्थित किशोरगंज, वहीं दूसरी टीम ने हजारीबाग के बड़कागांव में छापेमारी की है। बताया गया है कि यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध संपत्ति की जांच के तहत की गई है।
निजी सहायक और करीबियों के घरों पर भी छापा
ईडी की टीम ने अंबा प्रसाद के निजी सहायक संजीव साव, मनोज दांगी और पंचम कुमार के ठिकानों पर भी तलाशी अभियान चलाया है। एजेंसी इन सभी से जुड़े आर्थिक लेन-देन और दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है।
पहले भी हो चुकी है बड़ी कार्रवाई
उल्लेखनीय है कि इससे पहले 18 मार्च 2024 को भी ईडी ने अंबा प्रसाद के हजारीबाग स्थित ठिकानों सहित उनके पिता योगेंद्र साव और अन्य रिश्तेदारों के कुल 17 ठिकानों पर छापा मारा था। उस दौरान 20 लाख रुपये नकद, कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और लीज की बेशकीमती जमीनों पर कब्जे से जुड़ी जानकारी जब्त की गई थी।
ईसीआईआर के तहत जांच जारी
ईडी ने इस मामले में अंबा प्रसाद और योगेंद्र साव के खिलाफ ईसीआईआर (ECIR) दर्ज कर जांच शुरू की थी। इससे पहले रांची, हजारीबाग और मुंबई के कई ठिकानों पर छापेमारी की जा चुकी है।
