झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस ने शुरू की जांच
रांची, 4 जुलाई — झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को गुरुवार देर रात एक अज्ञात व्यक्ति ने जान से मारने की धमकी दी। मंत्री को यह धमकी फोन कॉल के जरिए दी गई, जिसमें 24 घंटे के भीतर उड़ा देने की बात कही गई और अपशब्दों का भी इस्तेमाल किया गया। कॉल फोन नंबर 7903928578 से की गई थी, जब मंत्री दिल्ली में मौजूद थे।
मंत्री अंसारी ने घटना की जानकारी तुरंत रांची एसएसपी को दी, जिसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कॉल डिटेल्स को खंगालना शुरू कर दिया है और तकनीकी विश्लेषण के जरिए कॉलर की पहचान करने की प्रक्रिया जारी है।
मंत्री ने बताई साजिश की आशंका
मंत्री इरफान अंसारी ने धमकी को गंभीर साजिश करार देते हुए कहा कि वह ऐसी धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा, “मैं जनता की सेवा करता रहा हूं और करता रहूंगा। ऐसी धमकियों से हमारा हौसला कमजोर नहीं होगा।” मंत्री ने यह भी मांग की कि मामले की निष्पक्ष और तेज़ी से जांच होनी चाहिए।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कॉलर की लोकेशन और पहचान के लिए टेलीकॉम कंपनियों से डाटा मांगा गया है। जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस इसे एक संभावित सुरक्षा उल्लंघन मानकर जांच कर रही है।
