झारखंड में टोल टैक्स पर राजनीति गरमाई: झामुमो ने केंद्र सरकार पर लगाया छलावे का आरोप
रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने राज्य में केंद्र सरकार द्वारा सड़कों पर टोल टैक्स लगाने को लेकर तीखा हमला बोला है। पार्टी के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि केंद्र सरकार झारखंडवासियों पर अनावश्यक टोल टैक्स थोपकर आर्थिक बोझ डाल रही है, जबकि राज्य सरकार कम खर्च में गुणवत्तापूर्ण सड़कें बना रही है, वह भी बिना टोल टैक्स के।
उन्होंने गुरुवार को रांची के हरमू स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि झारखंड सरकार ने कांटाटोली और सिरमटोली फ्लाईओवर को केवल 580 करोड़ रुपये में बनवाया, जबकि केंद्र सरकार ने सिर्फ रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर पर 558 करोड़ रुपये खर्च कर दिए।
भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जानबूझकर महंगे ठेके देकर ज्यादा लागत दिखा रही है और इसके बहाने झारखंड की जनता से टैक्स वसूल रही है। उन्होंने कहा कि गढ़वा बाइपास का उद्घाटन न होना इस बात का संकेत है कि वहां पहले से ही टोल वसूली शुरू कर दी गई थी।
उन्होंने सवाल उठाया कि रातू रोड प्रोजेक्ट की लागत में 158 करोड़ की वृद्धि किस आधार पर हुई? उन्होंने इसे संभावित घोटाले की तरह बताया। वहीं सिरमटोली फ्लाईओवर, जो कि हाईटेक केबल ब्रिज तकनीक से बना है, उसकी लागत सिर्फ 355 करोड़ रुपये आई — यह राज्य सरकार की पारदर्शिता और कुशल प्रबंधन को दर्शाता है।
भट्टाचार्य ने कहा कि झारखंड के कई हिस्सों में टोल टैक्स की वसूली जारी है, जो यह दर्शाता है कि केंद्र सरकार झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है।
