नेपाल में भूकंप का केंद्र, रांची-हजारीबाग समेत झारखंड के कई जिलों में महसूस हुए झटके
सुबह 7:02 बजे धरती हिलने से घरों से बाहर निकले लोग, 5.4 रही तीव्रता; फिलहाल जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं
रांची। झारखंड में मंगलवार सुबह भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। राजधानी रांची, हजारीबाग समेत राज्य के कई इलाकों में धरती हिलने का अहसास हुआ। अचानक पंखे और घरों में रखे सामान हिलने लगे तो लोग घबराकर घरों और अपार्टमेंट से बाहर निकल आए। कई जगह लोग खुले मैदान और सुरक्षित स्थानों पर जमा हो गए।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, भूकंप मंगलवार सुबह 7 बजकर 2 मिनट पर आया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.4 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र नेपाल के कोशी प्रदेश में लेलेप से करीब नौ किलोमीटर दूर जमीन के भीतर बताया गया है।
नेपाल समेत कई देशों में महसूस हुए झटके
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नेपाल के अलावा भारत के बिहार और झारखंड में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। वहीं बांग्लादेश, भूटान और चीन के सीमावर्ती इलाकों में भी धरती हिलने की खबर है।
अचानक हिलने लगे पंखे और घरेलू सामान
सुबह के समय अधिकांश लोग अपनी दिनचर्या शुरू कर रहे थे। इसी दौरान अचानक घरों में पंखे और अन्य सामान हिलने लगे। कुछ देर तक धरती में कंपन महसूस होने के बाद लोगों को भूकंप का अहसास हुआ। एहतियात के तौर पर लोग घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, शुरुआती जानकारी के मुताबिक झारखंड में कहीं से भी जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
