प्रकाश पर्व और कार्तिक पूर्णिमा पर राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने दीं शुभकामनाएं
राज्यपाल बोले- गुरु नानक देव की शिक्षाएं मानवता को परोपकार, समरसता और भाईचारे की देती रहेंगी प्रेरणा; मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की सुख, शांति और समृद्धि की कामना
रांची। सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व और कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर झारखंड में श्रद्धा और उल्लास का माहौल है। इस अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं ने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को आत्मसात कर समाज में प्रेम, सेवा और सद्भाव को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की अमृतवाणी और उनकी महान शिक्षाएं युगों-युगों तक मानवता का मार्गदर्शन करती रहेंगी। उनकी शिक्षाएं लोगों को परोपकार, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देती हैं।
सीएम हेमंत सोरेन ने की खुशहाली की कामना
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रदेशवासियों को पारंपरिक अंदाज में ‘जोहार’ कहते हुए श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व और कार्तिक पूर्णिमा की बधाई दी। अपने शुभकामना संदेश में उन्होंने सत्य, सेवा और सद्भाव के मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कामना की कि श्री गुरु नानक देव जी के आदर्श और उनकी शिक्षाएं प्रत्येक नागरिक के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार करें। उन्होंने दोनों पावन पर्वों पर राज्यवासियों के जीवन में खुशहाली, आपसी प्रेम और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की मंगलकामना की।
