रांची

कार्तिक पूर्णिमा पर रांची और साहिबगंज के गंगा घाटों पर उमड़े श्रद्धालु, लगाई आस्था की डुबकी

स्वर्णरेखा नदी में स्नान कर श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक और दान-पुण्य, इक्कीसी महादेव मंदिर में लगी कतारें; साहिबगंज के मुक्तेश्वर और राजमहल घाटों पर हुआ दीपदान

रांची। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को राजधानी रांची समेत झारखंड के विभिन्न हिस्सों में श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने नदियों और पवित्र जलाशयों में स्नान कर पूजा-अर्चना, दान-पुण्य और दीपदान किया। रांची के चुटिया स्थित स्वर्णरेखा नदी घाट से लेकर साहिबगंज और राजमहल के गंगा घाटों तक सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही।

स्वर्णरेखा में स्नान के बाद इक्कीसी महादेव में जलाभिषेक

रांची के चुटिया स्थित स्वर्णरेखा नदी तट पर अहले सुबह से ही महिला, पुरुष और बुजुर्ग श्रद्धालु पहुंचने लगे थे। लोगों ने ब्रह्म मुहूर्त में नदी में स्नान किया और सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। इसके बाद दान-पुण्य कर नदी तट के समीप स्थित ऐतिहासिक इक्कीसी महादेव मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक किया।

मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ से परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में बजते घंटे और हर-हर महादेव के जयकारों से चुटिया क्षेत्र भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए स्थानीय प्रशासन तथा पूजा समितियों की ओर से इंतजाम किए गए थे।

देव दीपावली और त्रिपुरारी पूर्णिमा का भी है महत्व

आचार्य मनोज पाण्डेय ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली और त्रिपुरारी पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन गंगा सहित अन्य पवित्र नदियों में स्नान, दान और दीपदान का विशेष महत्व है। श्रद्धालु सूर्योदय से पहले स्नान कर भगवान विष्णु, भगवान शिव और तुलसी की पूजा करते हैं। इसके बाद अन्न, वस्त्र, धन और जरूरत की अन्य वस्तुओं का दान किया जाता है। शाम को नदी घाटों और घरों में दीप जलाने की परंपरा है।

धार्मिक कथाओं के अनुसार, इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर संसार को उसके आतंक से मुक्त कराया था। इस विजय की खुशी में देवताओं ने दीप जलाकर उत्सव मनाया था। इसी वजह से इसे देव दीपावली कहा जाता है। मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान विष्णु ने मत्स्य अवतार भी लिया था।

साहिबगंज के गंगा घाटों पर भी उमड़ी भीड़

साहिबगंज में भी कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। जिला मुख्यालय के मुक्तेश्वर गंगा घाट और राजमहल के गंगा घाटों पर मंगलवार अहले सुबह से ही लोग स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचने लगे थे। श्रद्धालुओं ने उत्तरवाहिनी गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। महिलाओं ने स्नान के बाद मंगलपाठ किया और पूजा-अर्चना की। घाटों पर मेले जैसा माहौल रहा।

राजमहल अनुमंडल क्षेत्र में श्रद्धालु वाद्ययंत्रों की धुन पर मां गंगा की स्तुति करते हुए रातभर जागरण करते रहे। संगीदलान, सूर्यदेव घाट और बालू प्लाट पर भी श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगा रहा। सूर्यदेव घाट, गुदाराघाट सहित अन्य घाटों पर लोगों ने ब्रह्म मुहूर्त में स्नान, पूजा-अर्चना और दीपदान किया। गंगा घाटों पर दिनभर धार्मिक गतिविधियां चलती रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *