पलामू

भिक्षाटन कर बर्खास्त अनुसेवकों ने मनाई मकर संक्रांति, सातवें दिन भी जारी रहा धरना

अनुसेवकों

Palamu : पलामू जिले के बर्खास्त 251 अनुसेवकों ने बुधवार को अनुसेवक संघ के बैनर तले भिक्षाटन कर रांची के नागा बाबा खटाल में मकर संक्रांति का पर्व मनाया। रोजगार बहाली की मांग को लेकर अनुसेवक पिछले सात दिनों से धरने पर बैठे हुए हैं। बर्खास्त अनुसेवक 3 जनवरी को पलामू उपायुक्त कार्यालय के पास से भिक्षाटन करते हुए पैदल यात्रा पर निकले थे और 8 जनवरी को रांची पहुंचे। इसके बाद से वे लगातार धरना दे रहे हैं। अनुसेवकों का कहना है कि अब तक उनकी सुध लेने के लिए धरना स्थल पर कोई भी प्रशासनिक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि या मंत्री नहीं पहुंचा, जिससे उनमें भारी आक्रोश है।

अनुसेवकों ने सवाल उठाया कि जब पूरे झारखंड में एक ही नियमावली के तहत चतुर्थवर्गीय कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है, तो केवल पलामू जिले के अनुसेवकों को ही क्यों बर्खास्त किया गया। उनकी स्पष्ट मांग है कि सभी बर्खास्त अनुसेवकों का समायोजन किया जाए और बकाया वेतन का भुगतान किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उनका पहना है कि उन्हें पुनः बहाल किया जाए, अन्यथा राज्य के सभी जिलों के अनुसेवकों को भी समान रूप से बर्खास्त किया जाए।

धरना स्थल पर विवेका कुमार शुक्ला, सुधाकर दुबे, कुनील शुक्ला, राकेश ठाकुर, सुरेन्द्र सिंह, शशि कुशवाहा, नीरज यादव, सतेंद्र यादव, अभय कुमार, नंदू रजक, संजय राम, लोकनाथ उरांव, अरुण कुमार सहित बड़ी संख्या में बर्खास्त अनुसेवक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *