लॉन बॉल्स वर्ल्ड कप में रजत पदक जीतकर लौटे दिनेश कुमार का रांची में भव्य स्वागत

खुली जीप में निकली रैली — खेल निदेशक ने किया सम्मानित,जल्द खुलेगा ‘स्व. शिबू सोरेन मल्टी स्पोर्ट्स एंड रिक्रीएशन क्लब
रांची। वर्ल्ड कप लॉन बॉल्स में शानदार प्रदर्शन कर रजत पदक जीतने वाले झारखंड के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दिनेश कुमार का शनिवार को रांची रेलवे स्टेशन पर ढोल-नगाड़ों के बीच भव्य स्वागत किया गया। स्टेशन पर बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल अधिकारी और झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन (JOA) के पदाधिकारी मौजूद थे।
गुरु को देख भावुक हुए दिनेश, किया दंडवत प्रणाम
रजत पदक विजेता दिनेश कुमार अपने कोच डॉ. मधुकांत पाठक को देखकर भावविभोर हो गए और रेलवे स्टेशन पर उन्हें दंडवत प्रणाम किया। गुरु-शिष्य के इस भावनात्मक क्षण ने सभी को विह्वल कर दिया। उपस्थित लोगों ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया।
खुली जीप में निकली रैली
दिनेश के स्वागत में एक जुलूसनुमा रैली भी निकाली गई, जो स्टेशन से होते हुए मोराबादी स्थित झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन कार्यालय तक पहुंची। पूरे मार्ग में खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने जोरदार उत्साह दिखाया।
खेल निदेशक ने किया सम्मानित

रैली के बाद खेल निदेशक शेखर जमुआर ने अपने कार्यालय में दिनेश कुमार का स्वागत किया और उन्हें राज्य का गौरव बताया। उन्होंने कहा कि दिनेश जैसे खिलाड़ी झारखंड के युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। इस अवसर पर उप निदेशक राजेश कुमार और पूर्व खेल निदेशक अनिल कुमार भी मौजूद रहे।
जेओए कार्यालय में सम्मान समारोह
मोराबादी स्थित JOA कार्यालय में आयोजित समारोह में दिनेश कुमार को JOA के कोषाध्यक्ष शिवेंद्र दुबे, चंचल भट्टाचार्य और संजय कुमार झा ने माला पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस मौके पर कोच डॉ. मधुकांत पाठक को भी मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रेस से बोले डॉ. मधुकांत पाठक

झारखंड बॉलिंग एसोसिएशन के महासचिव सह अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक डॉ. मधुकांत पाठक ने प्रेस से कहा,
> “दिनेश कुमार का यह अंतरराष्ट्रीय पदक झारखंड के लिए गर्व का विषय है। उनकी सफलता लॉन बॉल्स से जुड़े युवाओं में नई प्रेरणा जगाएगी।”
उन्होंने बताया कि श्री आर.के. आनंद के सांसद निधि से बने लॉन बॉल्स स्टेडियम से आज अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकल रहे हैं। उन्होंने सरकार से खेल के विकास के लिए सहयोग की मांग की और कहा कि लॉन बॉल्स स्टेडियम को मल्टी स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर के रूप में विकसित किया जा रहा है।
आम जन से की अपील
डॉ. पाठक ने अपील की कि हर नागरिक झारखंड बॉलिंग एसोसिएशन को पांच रुपये का योगदान दे ताकि इन पैसों का उपयोग खिलाड़ियों के भोजन और आवास के लिए किया जा सके। उन्होंने बताया कि स्टेडियम में शूटिंग रेंज शुरू की जा चुकी है, और जल्द ही टेबल टेनिस, ई-स्पोर्ट्स और डार्ट्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शुरू होंगे।
खेल ग्रेडिंग सुधार और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन की मांग
डॉ. पाठक ने कहा कि झारखंड खेल नीति में लॉन बॉल्स को सी ग्रेड से ए ग्रेड में शामिल किया जाए, क्योंकि इसके खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन किया है। उन्होंने कैश अवॉर्ड बढ़ाने और खिलाड़ियों को नौकरी देने की नीति को धरातल पर उतारने की भी मांग की।
जल्द खुलेगा “स्व. शिबू सोरेन मल्टी स्पोर्ट्स एंड रिक्रीएशन क्लब”
उन्होंने घोषणा की कि शीघ्र ही लॉन बॉल्स स्टेडियम में “स्वर्गीय शिबू सोरेन मल्टी स्पोर्ट्स एंड रिक्रीएशन क्लब” की स्थापना की जाएगी, ताकि स्टेडियम का अधिकतम उपयोग खेल और खिलाड़ियों के विकास में किया जा सके।

