कोडरमा

बिहार जा रहे ट्रक से 279 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, चालक गिरफ्तार

कोडरमा, 10 नवंबर । कोडरमा के सदर थाना अंतर्गत मेघातरी चेक पोस्ट पर सोमवार की सुबह कोडरमा पुलिस ने शराब से भरे एक ट्रक को जब्त किया। कोडरमा एसपी अनुदीप सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कर्रवाई हुई है। गुप्त सूचना मिली थी कि कोडरमा की ओर से शराब से भरा ट्रक (बीआर 56 जी 4297) बिहार जा रहा है जिसे बिहार के चुनाव में खपाने की तैयारी है।

इसके बाद एसपी ने टीम गठित कर मेघातरी चेक पोस्ट पर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान उक्त वाहन को देखा गया, ट्रक की जांच हुई तो ट्रक में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब पाया गया। उक्त वाहन को जब्त करते हुए चालक को हिरासत में लेकर कोडरमा थाना लाया गया।

उल्‍लेखनीय है कि यह कार्रवाई बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए हुई है। मंगलवार को कोडरमा से सटे बिहार के इलाके मे वोट डाले जायेंगे। ऐसे में कोडरमा पुलिस भारी मात्रा में शराब जब्त करना बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। इस मामले में एसपी अनुदीप सिंह ने सोमवार को प्रेस वार्ता आयो‍जित कर बताया कि ट्रक से कुल 279 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद किया गया।

शराब का अनुमानित मूल्य करीब 16 लाख 50 हजार रूपये है। मौके पर ट्रक चालक शिशुरंजन उर्फ सोनु (24) से पूछताछ के बाद वह संतोषजनक कागजात या लाईसेंस प्रस्तुत करने में असमर्थ रहा। इसके बाद वाहन चालक को गिरफ्तार किया गया है। मामले में अन्य अभियुक्तों की संलिप्तता का पता कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

छापेमारी दल में कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान, पटवारी हांसदा, तिलैया थाना और मेघातरी चेक पोस्ट पर प्रतिनियुक्त बल के जवान थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *