धनबाद नगर निगम चुनाव: 1019 बूथों पर 6000 मतदानकर्मी रवाना, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

Dhanbad : धनबाद में नगर निगम चुनाव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। रविवार को मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स मेमकोक मोड में बने डिस्पैच सेंटर का नजारा देखने लायक था। मतदानकर्मी सिर पर मतपेटी, कंधे पर अपना बैग और चेहरे पर मुस्कान लिए मतदान कराने के लिए रवाना हुए।
सुबह से चुनाव सामग्री का वितरण
सभी पीठासीन पदाधिकारी कतारबद्ध होकर चुनाव सामग्री काउंटर से प्राप्त कर रहे थे। इसके बाद वे अपने वाहनों में बैठकर मतदान केंद्रों की ओर रवाना हुए। यह कार्य सुबह आठ बजे शुरू हुआ। इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन और जिला प्रशासन की पूरी टीम मौजूद थी।
जिले को 15 जोन में बांटा गया, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
धनबाद नगर निगम और चिरकुंडा नगर परिषद को 6 सुपर जोन में बांटा गया है। हर जोन में एक-एक डीएसपी के साथ 25 पुलिस पदाधिकारी राइट कंट्रोल गियर और वाटर कैनन के साथ मौजूद रहेंगे। जिले को कुल 15 जोन में विभाजित किया गया है। हर जोन में एक-एक पुलिस इंस्पेक्टर के साथ 10 पुलिस पदाधिकारी मतदान आरंभ होने से लेकर चुनाव सामग्री रिसीविंग सेंटर तक भ्रमणशील रहेंगे। अति संवेदनशील बूथों पर चार-चार पुलिस पदाधिकारी, संवेदनशील बूथ पर तीन और सामान्य बूथ पर दो पुलिस पदाधिकारी तैनात रहेंगे। इसके अलावा सभी थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में फ्लैग मार्च करेंगे और 23 फरवरी को मतदान सामग्री रिसीविंग सेंटर तक भ्रमणशील रहेंगे।
6000 से अधिक मतदानकर्मी, वाहन और पर्यवेक्षक
उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि 1019 बूथों पर सुचारू मतदान सुनिश्चित करने के लिए 6000 से अधिक मतदानकर्मी तैनात हैं। चुनाव में लगभग 350 बड़े और 300 छोटे वाहनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। झरिया में 128, धनबाद में 18 और रिजर्व 23 सहित कुल 228 माइक्रो आब्जर्वर और 65 सेक्टर मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। मतदान सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए 23 ग्रीन कॉरिडोर बनाए गए हैं।
मतदाताओं से अपील: निर्भीक होकर करें वोट
उपायुक्त आदित्य रंजन और वरिष्ठ अधिकारी सभी मतदाताओं से अपील कर रहे हैं कि वे निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें। विशेष तौर पर फर्स्ट टाइम वोटर, युवा वोटर और शहरी क्षेत्र के मतदाता लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी हिस्सेदारी निभाएं। धनबाद चुनाव में प्रशासन, पुलिस और मतदानकर्मी पूरी तरह से मुस्तैद हैं, ताकि 23 फरवरी को हर बूथ पर मतदान सुचारू और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।
