रांची

मतदान से पहले रांची में हलचल, DC की निगरानी में मोरहाबादी स्टेडियम से पोलिंग पार्टियां रवाना

चुनाव

Ranchi : रांची में नगरपालिका चुनाव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 23 फरवरी को होने वाले मतदान से पहले आज मोरहाबादी फुटबॉल स्टेडियम स्थित डिस्पैच सेंटर से पोलिंग पार्टियों को उनके-अपने मतदान केंद्रों के लिए विधिवत रवाना किया गया। मतदानकर्मी बैलट बॉक्स और जरूरी चुनाव सामग्री लेकर तय वाहनों से निकले। पूरे परिसर में प्रशासनिक चहल-पहल और सुरक्षा का कड़ा इंतजाम देखने को मिला।

DC ने किया गहन निरीक्षण

DC मंजूनाथ भजन्त्री खुद डिस्पैच सेंटर पहुंचे और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने सामग्री वितरण काउंटर, सुरक्षा व्यवस्था, वाहन प्रबंधन, हेल्प डेस्क, मेडिकल सहायता काउंटर और कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। अधिकारियों को साफ निर्देश दिया गया कि हर पोलिंग पार्टी को बैलट बॉक्स, मतपत्र, सील, प्रपत्र और रजिस्टर सहित सभी सामग्री सही तरीके से दी जाए और मिलान के बाद ही उन्हें रवाना किया जाए।

बैलट बॉक्स की प्रक्रिया पर खास जोर

DC ने मतदान कर्मियों से बैलट बॉक्स खोलने और बंद करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया तय नियमों के मुताबिक होनी चाहिए, खासकर सीलिंग और सुरक्षित परिवहन में कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

पोलिंग पार्टियों को दिए गए अहम निर्देश

रवानगी के दौरान प्रशासन ने पोलिंग पार्टियों को साफ निर्देश दिए कि सभी टीमें अपने निर्धारित वाहन से समय पर मतदान केंद्र के लिए रवाना हों और वहां पहुंचते ही चुनाव सामग्री का दोबारा मिलान करें। अगर किसी तरह की कमी या त्रुटि मिले तो उसकी सूचना तुरंत सेक्टर पदाधिकारी को दी जाए। मतदान के दौरान निष्पक्षता, गोपनीयता और शांति बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। किसी भी गड़बड़ी या विधि-व्यवस्था से जुड़ी समस्या की जानकारी तुरंत कंट्रोल रूम या संबंधित दंडाधिकारी को दी जाए। साथ ही मतदान समाप्त होने के बाद बैलट बॉक्स की विधिवत सीलिंग कर उसे सुरक्षित तरीके से निर्धारित स्ट्रांग रूम में जमा करना सुनिश्चित किया जाए।

सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं की पूरी व्यवस्था

जिला प्रशासन ने सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया है। पेयजल, शौचालय, बिजली और दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि मतदाता बिना किसी डर या परेशानी के मतदान कर सकें।

मतदाताओं से खास अपील

DC मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने मतदान कर्मियों से कर्तव्यनिष्ठा और सतर्कता के साथ काम करने की अपील की। जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से भी अपील की है कि वे 23 फरवरी 2026 को अपने-अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी जरूर निभाएं।

ये अधिकारी रहे मौजूद

इस मौके पर उपविकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवानिया, SP (ग्रामीण) प्रवीण पुष्कर, SP यातायात राकेश सिंह, DM राजेश्वरनाथ आलोक और जिला उप निर्वाचन-सह-पंचायती राज पदाधिकारी राजेश कुमार साहू समेत कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *