रांची

आगामी बहाली में मानव दिवस कर्मियों को प्राथमिकता देने की मांग, श्रमिक संघ का प्रतिनिधिमंडल सीएमडी से मिला

रांची: आगामी नियुक्ति प्रक्रिया में मानव दिवस कर्मियों को प्राथमिकता देने की मांग को लेकर झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) श्रीनिवासन से आज धुर्वा स्थित निगम कार्यालय में झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ का एक प्रतिनिधिमंडल मिला। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय ने किया।

संघ की ओर से सीएमडी को सौंपे गए ज्ञापन में वर्ष 2016 (नियोजन संख्या–02/2015) एवं वर्ष 2017 (नियोजन संख्या–03/2016) की तर्ज पर मानव दिवस कर्मियों को नियुक्ति में प्राथमिकता देने तथा आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट प्रदान करने की मांग की गई।

केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि विभाग में वर्षों से कार्यरत मानव दिवस एवं एजेंसी कर्मियों ने विषम परिस्थितियों में भी निष्ठापूर्वक सेवाएं दी हैं। ऐसे कर्मियों को आगामी बहाली में प्राथमिकता देना न केवल न्यायोचित होगा, बल्कि विभागीय अनुभव और दक्षता को भी सुदृढ़ करेगा।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से निम्न मांगें रखी गईं—

वर्ष 2014 में विभागीय सर्वे के आधार पर तैयार मानव दिवस कर्मियों की सूची को कार्यकाल गणना हेतु आधार बनाया जाए।

वर्ष 2014 के बाद कार्यरत कर्मियों को उनके वास्तविक अनुभव के आधार पर वरीयता दी जाए।

वर्तमान एजेंसी व्यवस्था की समीक्षा कर प्रत्यक्ष नियुक्ति प्रणाली पुनः लागू की जाए अथवा अन्य विभागों की भांति एकल एजेंसी (जैप-आईटी) को अधिकृत किया जाए।

कार्य के दौरान दिवंगत दैनिक वेतनभोगी कर्मियों के आश्रितों को नियमानुसार रोजगार देने हेतु स्पष्ट एवं मानवीय नीति बनाई जाए।

अजय राय ने कहा, “मानव दिवस कर्मी वर्षों से विभाग की रीढ़ के रूप में कार्य कर रहे हैं। उनकी उपेक्षा न केवल अन्यायपूर्ण होगी, बल्कि विभागीय कार्यकुशलता पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालेगी। हमें विश्वास है कि प्रबंधन उनके हितों की रक्षा हेतु सकारात्मक निर्णय लेगा।”

सीएमडी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि संघ द्वारा प्रस्तुत मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक और सकारात्मक विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभागीय हितों और कर्मियों के न्यायसंगत अधिकारों के बीच संतुलन स्थापित करते हुए उचित निर्णय लिया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल ने जीएम (एचआर) सुनील दत्त खाखा से भी मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर महामंत्री अमित कुमार कश्यप, अमित शुक्ला, अनिकेत सिंह, मुकेश साहू, श्याम दीप कुमार, रामू कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *