AFC Women’s Asian Cup के लिए अष्टम उरांव भारतीय टीम में शामिल
एशिया कप में खेलने वाली झारखंड की पहली महिला फुटबॉलर बनीं अष्टम उरांव
आगामी FIFA Women’s World Cup क्वालिफिकेशन को ध्यान में रखते हुए ऑस्ट्रेलिया में 1 मार्च से 21 मार्च तक आयोजित सीनियर एशियन कप महिला फुटबॉल (एएफसी) के लिए भारतीय फुटबॉल संघ ने 26 सदस्यीय टीम की घोषणा की है। इस टीम में झारखंड के गुमला जिले की प्रतिभाशाली खिलाड़ी अष्टम उरांव को डिफेंडर के रूप में शामिल किया गया है।
अष्टम उरांव (पिता – हीरा उरांव, माता – तारा उरांव) ग्राम बनारी गोरा टोली, पंचायत बनारी, प्रखंड बिशनपुर, जिला गुमला की निवासी हैं। वह एशिया कप में शामिल होने वाली झारखंड की पहली महिला फुटबॉलर बन गई हैं।
वर्तमान में अष्टम भारतीय महिला फुटबॉल टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया में प्रशिक्षण शिविर में भाग ले रही हैं। वह खेल विभाग द्वारा संचालित आवासीय बालिका फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र, हजारीबाग की पूर्व प्रशिक्षु रही हैं। इसके बाद उन्होंने गुमला में प्रशिक्षण प्राप्त किया। फिलहाल वह East Bengal FC अकादमी टीम से खेल रही हैं।
अष्टम इससे पहले 2022 में आयोजित FIFA U-17 Women’s World Cup में भारतीय टीम की कप्तान भी रह चुकी हैं।
ग्रुप सी में भारत
भारत को ग्रुप सी में जापान, वियतनाम एवं चाइनीज ताइपेई के साथ रखा गया है।
04 मार्च – पर्थ रेक्टेंगुलर स्टेडियम: भारत बनाम वियतनाम
07 मार्च – पर्थ रेक्टेंगुलर स्टेडियम: भारत बनाम जापान
10 मार्च – वेस्टर्न सिडनी स्टेडियम, ऑस्ट्रेलिया: भारत बनाम चाइनीज ताइपेई
अष्टम उरांव के भारतीय टीम में चयन पर Hemant Soren, खेल मंत्री सुदीब्य कुमार सोनू, खेल सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक आसिफ इकराम, खेल उपनिदेशक राजेश कुमार, Jharkhand Olympic Association के महासचिव डॉ. मधुकांत पाठक, Jharkhand Football Association के गुलाम रब्बानी सहित राज्य के खेल प्रेमियों ने बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।
झारखंड के लिए यह ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है और इससे राज्य की बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

