टोटो चालक से मारपीट के आरोप में ASI निलंबित, वायरल वीडियो पर एसपी ने की कार्रवाई

Jamtara : सड़क पर एक छोटी सी बात ने बड़ा रूप ले लिया। बाइक के सामने से टोटो मोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद एएसआई की नाराजगी तक पहुंच गया। आरोप है कि गुस्से में एएसआई ने टोटो का पीछा किया, उसे रास्ते में रोका और चालक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। पूरी घटना किसी राहगीर ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे।
लोगों में देखी गई नाराजगी
घटना के बाद आम लोगों में नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि सड़क पर छोटी गलती पर भी इस तरह का व्यवहार सही नहीं है। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि संबंधित पुलिस पदाधिकारी टोटो चालक पर वर्दी का दबाव बना रहे हैं और अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं।
एसपी ने लिया स्वतः संज्ञान, फिर किया निलंबित
मामले को गंभीरता से लेते हुए जामताड़ा के एसपी राजकुमार मेहता ने स्वत: संज्ञान लिया। एसपी ने कहा कि वायरल वीडियो पुलिस की गरिमा के खिलाफ है। इसमें दिख रहा व्यवहार अनुचित है और इससे आम जनता के बीच पुलिस की छवि खराब होती है। उन्होंने तत्काल प्रभाव से संबंधित एएसआई को निलंबित कर दिया। साथ ही जिले के सभी पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि आम नागरिकों के साथ व्यवहार मर्यादित और कानून के दायरे में ही होना चाहिए। किसी भी परिस्थिति में शक्ति का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसपी ने यह भी कहा कि बेहतर पुलिसिंग के लिए जनता का भरोसा जरूरी है। पुलिस और आम लोगों के बीच सहयोग और विश्वास बना रहे, इसके लिए सभी अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ काम करने को कहा गया है।
