पाकुड

होली को लेकर पाकुड़ प्रशासन अलर्ट, शांति समिति की बैठक में DC-SP ने की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा

होली

पाकुड़ : होली पर्व 2026 को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने के लिए पाकुड़ जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसको लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीसी मनीष कुमार और एसपी निधि द्विवेदी ने संयुक्त रूप से की। बैठक में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े शांति समिति के सदस्यों ने अपने सुझाव रखे। प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की समस्या होने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। डीसी ने लोगों से अपील की कि होली भाईचारे और आपसी सद्भाव के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि अफवाहों और भ्रामक खबरों से दूर रहें तथा सोशल मीडिया पर किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी पुष्टि अवश्य करें।

डीसी मनीष कुमार ने बताया कि जिले के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। आवश्यकतानुसार नाकाबंदी की व्यवस्था भी लागू रहेगी। मिठाई और रंग में मिलावट की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग को सख्त निर्देश दिए गए हैं। अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग को विशेष अभियान चलाने को कहा गया है।

एसपी निधि द्विवेदी ने कहा कि संवेदनशील और धार्मिक स्थलों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। स्टैटिक चेकिंग और गश्ती दल लगातार सक्रिय रहेंगे। 24 घंटे सोशल मीडिया की निगरानी की जाएगी ताकि किसी भी तरह की अफवाह पर तुरंत रोक लगाई जा सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि जबरन रंग न लगाएं, भड़काऊ गीतों से बचें और नशे की हालत में वाहन न चलाएं। आपात स्थिति से निपटने के लिए समाहरणालय परिसर में जिला कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा। सभी प्रखंडों के स्वास्थ्य केंद्रों में 24 घंटे एंबुलेंस और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।

बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए अरुण कुमार एक्का, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी, विशेष कार्य पदाधिकारी त्रिभुवन कुमार सिंह, मुख्यालय डीएसपी जितेंद्र कुमार, पाकुड़ एवं महेशपुर के एसडीपीओ सहित सभी बीडीओ, सीओ, थाना प्रभारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *