रांची

श्री श्याम मंदिर में हरियाली एकादशी पर उमड़ी भक्तों की भीड़, देर रात तक गूंजे भजन-कीर्तन

रांची, 23 अगस्त। हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में श्रावण शुक्ल हरियाली एकादशी के अवसर पर रविवार को धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। एकादशी के अवसर पर मंदिर के पट सुबह पांच बजे खुलते ही नियमित दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के साथ बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचने लगे। सुबह 5:30 बजे मंगला आरती हुई।

इसके बाद मंदिर के पट बंद कर मंडल के अध्यक्ष गोपाल मुरारका, कोषाध्यक्ष मनोज खेतान एवं वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्याम सुंदर शर्मा के सानिध्य में बाबा श्री श्याम का विशेष प्रातःकालीन श्रृंगार किया गया। श्रृंगार के बाद दर्शन के लिए मंदिर के पट खोले गए। इस दौरान हरमू रोड बाबा श्याम के जयकारों से गूंजता रहा। श्रद्धालु अपनी मनोकामना की अर्जी लेकर कतार में खड़े रहे।

मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल ने बताया कि हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है। मान्यता है कि सच्चे और निस्वार्थ भाव से बाबा श्री श्याम के दरबार में अर्जी लगाने वाले भक्तों की मनोकामना पूरी होती है।

प्रातःकालीन श्रृंगार एवं आरती के बाद भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। जय जय जय खाटू के वासी, जय जय बाबा श्याम जैसे भजनों और जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। मंडल के मंत्री विष्णु चौधरी, पंकज गाड़ोदिया, उपमंत्री प्रवीण सिंघानिया और प्रचार मंत्री रोहित अग्रवाल के सानिध्य में श्रद्धालुओं के बीच फल एवं प्रसाद का वितरण किया गया।

रात में हुआ मुख्य संकीर्तन कार्यक्रम

हरियाली एकादशी का मुख्य कार्यक्रम रात 9:30 बजे शुरू हुआ। मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल एवं उनकी पत्नी डोली अग्रवाल ने परिवार के साथ बाबा श्री श्याम की अखंड ज्योति प्रज्वलित की। इसके बाद बाबा को केसरिया पेड़ा, रबड़ी, मगही पान और फल का भोग अर्पित किया गया।

रबड़ी प्रसाद सेवा अन्नपूर्णा सरावगी, गिरी गोला सेवा मनीष साहू, केसरिया पेड़ा सेवा डॉ. एसएन लाल, प्रसाद सेवा एक श्याम भक्त, मगही पान सेवा सुभाष पोद्दार, रौनक पोद्दार एवं मुकेश बरनवाल, पंचमेवा सेवा विनय प्रसाद, सुधीर बरनवाल, नवीन पोशाक-बागा सेवा प्रशांत कुमार एवं पूजा सिंह द्वारा निवेदित की गयी।

मंडल के उपाध्यक्ष श्रवण ढांढनिया ने गणेश वंदना के साथ भजन संकीर्तन का शुभारंभ किया। वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्याम सुंदर शर्मा ने गुरु एवं हनुमान वंदना, साकेत ढांढनिया ने रानी सती दादी की वंदना और अनुज मोदी ने भोले बाबा की वंदना प्रस्तुत की। विष्णु चौधरी, प्रवीण सिंघानिया एवं महामंत्री गौरव अग्रवाल ने बाबा श्याम की वंदना कर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में डुबोया।

देर रात आरती के साथ हरियाली एकादशी संकीर्तन कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर मंडल के अध्यक्ष गोपाल मुरारका, महामंत्री गौरव अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्रवण ढांढनिया, उपाध्यक्ष अशोक लड़ियां, कोषाध्यक्ष मनोज खेतान, मंत्री पंकज गाड़ोदिया, विष्णु चौधरी, उपमंत्री प्रवीण सिंघानिया, श्याम सुंदर शर्मा, राजेश ढांढनिया, सलज अग्रवाल, अमित शर्मा, निखिल नारनौली, दिनेश अग्रवाल, कृष्ण शर्मा, यश सुरेका, प्रकाश सरावगी, अंकित सिंह, संकेत चौधरी, ऋषभ चौरसिया समेत सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *