रांची

सुब्रतो कप में झारखंड की बेटियों का जलवा, बिहार को 5-1 से हराकर सेमीफाइनल में पहुंची

संत पैट्रिक स्कूल गुमला की टीम ने क्वार्टर फाइनल में दिखाया दम, 24 अगस्त को CISCE से होगा मुकाबला

रांची, 23 अगस्त। 65वें सुब्रतो कप इंटरनेशनल फुटबॉल टूर्नामेंट के अंडर-17 बालिका वर्ग में झारखंड की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। नई दिल्ली और दिल्ली-एनसीआर में आयोजित प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व संत पैट्रिक स्कूल, गुमला की टीम कर रही है।

स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची की अगुवाई में टीम प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही है। टीम मैनेजर बिंदु कुजूर और कोच बिना केरकेट्टा के नेतृत्व में खेल रही झारखंड की टीम ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में बिहार को एकतरफा अंदाज में 5-1 से हराया।

मनीषा और सबरनी ने दागे दो-दो गोल

क्वार्टर फाइनल में झारखंड की ओर से मनीषा डुंगडुंग ने लगातार दो गोल कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलायी। इसके बाद उषा कुमारी ने तीसरा गोल किया। सबरनी कुमारी ने चौथा और पांचवां गोल दागकर झारखंड की जीत पक्की कर दी।

पूरे मुकाबले में झारखंड की खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, आक्रामक रणनीति और अनुशासित खेल का प्रदर्शन किया। टीम ने शुरुआत से ही बिहार पर दबाव बनाए रखा और मैच पर अपना नियंत्रण कायम रखा।

24 अगस्त को CISCE से सेमीफाइनल

झारखंड की टीम अब 24 अगस्त को सेमीफाइनल मुकाबले में CISCE की टीम से भिड़ेगी। क्वार्टर फाइनल में शानदार जीत के बाद खिलाड़ियों और टीम प्रबंधन का उत्साह बढ़ा हुआ है। झारखंड की बेटियों के सेमीफाइनल में पहुंचने से राज्य के खेलप्रेमियों में भी खुशी का माहौल है।

मौके पर मौजूद राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने टीम के शानदार प्रदर्शन पर सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के खेल कौशल और जुझारूपन की सराहना करते हुए आगामी सेमीफाइनल मुकाबले के लिए शुभकामनाएं दीं।

18 से 27 अगस्त 2026 तक आयोजित 65वें सुब्रतो कप इंटरनेशनल फुटबॉल टूर्नामेंट में देश-विदेश की कुल 36 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के मुकाबले नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर स्टेडियम सहित दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न मैदानों पर खेले जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *