पश्चिमी सिंहभूमि

चक्रधरपुर में संजय चौकी मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट संपन्न, 52 टीमों ने दिखाया दमखम

पुरुष वर्ग में यूथ क्लब जाहिरा साई और महिला वर्ग में महादेवसाल एफसी बनी चैंपियन, नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित

चक्रधरपुर, 13 नवंबर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड अंतर्गत खैरूडीह में आयोजित स्वर्गीय संजय चौकी मेमोरियल तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता 2026 का शुक्रवार को भव्य समापन हुआ। जीबीएस खैरूडीह की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की 48 और महिला वर्ग की चार टीमों सहित कुल 52 टीमों ने हिस्सा लिया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया।

पुरुष फाइनल में सिक्का उछालकर हुआ विजेता का फैसला

पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला यूथ क्लब जाहिरा साई और मिंटू ब्रदर्स ओटार के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। निर्धारित समय के बाद पेनल्टी शूटआउट में भी मुकाबला बराबरी पर रहा। इसके बाद सिक्का उछालकर विजेता का फैसला किया गया, जिसमें यूथ क्लब जाहिरा साई की टीम विजयी घोषित हुई।

महिला वर्ग में महादेवसाल एफसी ने जीता खिताब

महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला महादेवसाल एफसी और शिवानी एफसी के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में पेनल्टी शूटआउट के जरिए महादेवसाल एफसी ने जीत दर्ज की और खिताब अपने नाम किया।

ग्रामीण खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मिलेगा मौका : सन्नी उरांव

समापन समारोह को संबोधित करते हुए नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के खेल आयोजनों से स्थानीय खिलाड़ियों की छिपी प्रतिभा को निखरने और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। खेल युवाओं में अनुशासन, एकता और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करता है।

उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति को बधाई दी और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

आयोजन में इन लोगों का रहा योगदान

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि पीरू हेंब्रम, बंदगांव प्रखंड विधायक प्रतिनिधि सह नकटी पंचायत के मुखिया मिथुन गागराई, झामुमो नेता प्रदीप महतो, बंदगांव प्रखंड प्रमुख पीटर घनश्याम तियु, झामुमो नेता शिव शंकर महतो और भीमसेन केराई सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

प्रतियोगिता को सफल बनाने में आयोजन समिति के सदस्य श्री गोप, गबरियल बोदरा, बसंत गोप, वीर सिंह बानरा (बंकिरा), राजेश बानरा (बनकीरा), जॉर्ज गागराई, दिलीप गागराई, संदीप कलुंडिया और लाजरूस बोदरा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रतियोगिता के समापन पर खेल प्रेमियों और ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *