पश्चिमी सिंहभूमि

मझगांव में ग्रामीण सड़क निर्माण को मिलेगी गति, विधायक निरल पूर्ति ने किया पीसीसी सड़क का शिलान्यास

डीएमएफटी फंड से हलदिया गांव से हेपेरबुरू पुरतीसाई तक बनेगी सड़क, बरसात में आवागमन की परेशानी से मिलेगी राहत

पश्चिमी सिंहभूम, 13 नवंबर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव प्रखंड में ग्रामीण सड़कों के विकास की दिशा में पहल की गई है। घोड़ाबांधा पंचायत में शुक्रवार को डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) निधि से बनने वाली पीसीसी सड़क का शिलान्यास मझगांव विधायक निरल पूर्ति ने किया। इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।

प्रस्तावित सड़क हलदिया गांव से हेपेरबुरू टोला, पिंगुवासाई आंगनबाड़ी चौक होते हुए हेपेरबुरू पुरतीसाई तक बनाई जाएगी। सड़क बनने से खासकर बरसात के मौसम में ग्रामीणों को कीचड़ और खराब रास्तों के कारण होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।

सड़क, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं पर रहेगा जोर

शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक निरल पूर्ति ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और बुनियादी सुविधाओं का विकास उनकी प्राथमिकता है। सड़क, शिक्षा और आधारभूत संरचनाओं का बेहतर विकास ही गांवों की प्रगति का आधार है।

उन्होंने कहा कि जिन गांवों में अब भी सड़क, स्कूल भवन, पंचायत भवन और विद्यालयों की चारदीवारी जैसी सुविधाओं का अभाव है, वहां योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। ग्रामीणों को सुगम आवागमन, बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और गांवों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे विकास योजनाओं का लाभ

विधायक ने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के बीच निरंतर समन्वय जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और जरूरतों से विधायक को अवगत कराया। विधायक ने उनकी बातें सुनीं और संबंधित विभागों के माध्यम से समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।

इससे पहले कार्यक्रम में पहुंचे विधायक निरल पूर्ति का ग्रामीणों ने पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाज से स्वागत किया। मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, मानकी-मुंडा, झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता, ग्रामीण और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *