बिहार झारखंड को जल्द मिले विशेष राज्य का दर्जा : सुरेंद्र सिंह
रांची। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर राष्ट्रीय जय हिंद पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह की ओर से सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे का संदेश देते हुए 51 किलो तिलकुट का वितरण किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और एक-दूसरे को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम के दौरान सुरेंद्र सिंह ने कहा कि मकर संक्रांति केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, समरसता और समानता का प्रतीक है। इस दिन तिल और गुड़ का सेवन समाज में मिठास और एकजुटता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे पर्व हमें सामाजिक जिम्मेदारियों की भी याद दिलाते हैं और जरूरतमंदों के साथ खुशियां बांटने की प्रेरणा देते हैं।
इस मौके पर सुरेंद्र सिंह ने केंद्र सरकार से बिहार और झारखंड को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि दोनों राज्य प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध होने के बावजूद विकास के मामले में पिछड़े हुए हैं। विशेष राज्य का दर्जा मिलने से यहां के लोगों को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने केंद्र सरकार से इस दिशा में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। तिलकुट वितरण के साथ-साथ लोगों के बीच सामाजिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश फैलाते हैं।
इस अवसर पर बब्बन चौबे, विष्णु चौबे, बाबू खान, शोहराब खान, धरम यादव, भजन यादव, कल्लू यादव, दिलीप महतो सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने एकजुट होकर सामाजिक सद्भाव बनाए रखने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
