झारखंडरांची

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मिले बंधु तिर्की, परिसीमन में आदिवासी आरक्षित सीटों की स्थिति पर जताई चिंता

रांची, 15 सितंबर । झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मंगलवार को लोक भवन में पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने संभावित जनसंख्या-आधारित परिसीमन के कारण झारखंड में जनजातीय समुदाय के लिए आरक्षित विधानसभा और लोकसभा सीटों में कमी की आशंका से राज्यपाल को अवगत कराया।

बंधु तिर्की ने राज्यपाल के समक्ष पांचवीं अनुसूची के क्षेत्रों से जुड़े जनजातीय हितों और संवैधानिक प्रावधानों का विषय भी रखा। उन्होंने कहा कि ऐसे क्षेत्रों में परिसीमन की प्रक्रिया के दौरान केवल जनसंख्या के आंकड़ों को आधार नहीं बनाया जाना चाहिए, बल्कि जनजातीय हितों और संविधान में दिए गए विशेष प्रावधानों को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

तिर्की ने राज्यपाल से इस विषय पर आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि झारखंड के जनजातीय समुदाय के संवैधानिक अधिकारों और राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से विचार किया जाना आवश्यक है।

आदिवासी भूमिज मुण्डा युवा संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने भी की मुलाकात

वहीं, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मंगलवार को आदिवासी भूमिज मुण्डा युवा संगठन, चांडिल के एक प्रतिनिधिमंडल ने भी लोक भवन में मुलाकात की। संगठन के अध्यक्ष रवीन्द्र सिंह सरदार के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को चांडिल डैम के जलाशय में जलगमन से संबंधित आदिवासी भूमिज मुण्डा समाज की पारंपरिक भागीदारी के बारे में जानकारी दी।

प्रतिनिधिमंडल ने समाज की पारंपरिक हड़शाली एवं मेगालिश के संरक्षण और संवर्धन से जुड़े विषयों को भी राज्यपाल के समक्ष रखा। उन्होंने इन पारंपरिक व्यवस्थाओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि चांडिल क्षेत्र में आदिवासी समाज की पारंपरिक भागीदारी और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े विषयों का संरक्षण आवश्यक है। इस दौरान राज्यपाल को संबंधित मुद्दों से अवगत कराते हुए उनके स्तर से आवश्यक पहल का आग्रह किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *